मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवंबर को डाले गए वोटों की आज गिनती हो रही है. वारासिवनी विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के योगेंद्र निर्मल और कांग्रेस के संजय सिंह मसानी के बीच मुकाबला है. अभी इस सीट पर बीजेपी के योगेंद्र निर्मल आगे चल रहे हैं. उन्हें 3,278 वोट मिले हैं. वहीं, सीएम शिवराज सिंह चौहान के साले संजय मसानी को महज 714 वोट मिले हैं. फिलहाल काउंटिंग जारी है.
निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप अमृतलाल जायसवाल दूसरे स्थान पर हैं. उन्हें 3172 वोट मिले हैं. बसपा के प्रत्याशी अजय कुमार नागपुरे यहां तीसरे स्थान पर है. उन्हें 822 वोट मिले हैं.
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साले संजय सिंह मसानी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजनीतिक हलकों में बवाल मच गया था. इसे शिवराज सिंह के लिए बड़ा झटका माना जा रहा था, वहीं कांग्रेस इसे अपनी बड़ी उपलब्धि मान रही थी. लेकिन नतीजा उल्टा रहा. संजय मसानी कुछ ख़ास नहीं कर पाए.
मूल रूप से महाराष्ट्र के गोंदिया शहर के रहने वाले संजय शिवराज के मुख्यमंत्री बनने के समय से भोपाल में ही रह रहे हैं. उन्होंने कुछ फिल्मों में भी काम किया है. उन्हें लेकर शिवराज पर उंगलियां भी उठती रही हैं. व्यापम घोटाले मामले में भी संजय मसानी को लेकर काफी विवाद हुआ था.