इमालवा-भोपाल। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ता के संकल्प अधिवेशन में कहा कि मोदी के आने से देश लीडर की भूमिका में आ रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश बीजेपी के संगठन को बेहतर बताते हुए कहा कि राज्य में पार्टी कार्यकर्ता काफी अच्छा काम कर रहे हैं। संगठन के लिहाज से देश में मप्र बेहतर उदाहरण है।
अधिवेशन के दूसरे दिन आज अमित शाह सुबह के सत्र में सत्र में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 10 साल में मध्यप्रदेश ने काफी विकास किया है। 10 साल पहले जब मैं महाकाल के दर्शन के लिए गुजरात से आता था तो सड़क के रास्तों से पता चल जाता था कि एमपी आ गया है। बीते दस साल में शिवराज ने प्रदेश में काफी विकास किया है। प्रदेश की कृषि विकास दर देश में चौंकाने वाली है।
शाह ने कहा कि देश में बीते दस साल से निराशा का युग चल रहा था। लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि अब हिंदुस्तान का नाम विकसित देश में आ सकता है। बीते चार महीने में बीजेपी सरकार में नया भरोसा पैदा किया है। उन्होंने बीजेपी संगठन की तारीफ करते हुए कहा कि पार्टी का आंतरिक संगठन देश के 15 राज्यों में मजबूत है। हमारे यहां हर दो साल में नेतृत्व परिवर्तन होता है, कांग्रेस जैसे नहीं कि मैडम और उनके बेटे जबरिया कुर्सी पर बैठे रहते हैं।
‘ईवीएम मतलब एवरी वोट फॉर मोदी’
अधिवेशन के अंतिम दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष नंदकुमार चौहान, महामंत्री अरविंद मेनन और पूर्व प्रदेश प्रभारी अनंत कुमार सहित कई अन्य नेता भी शामिल हुए। भाजपा महामंत्री अरविंद मेनन ने ईवीएम का पूरा अर्थ समझाते हुए कहा कि इसका मतलब एवरी वोट फॉर मोदी है।