इमालवा – भोपाल | 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश भर में स्थापना दिवस मनाएगी | इस दिन को पार्टी ने विकास पर्व के रूप में प्रदेश के सभी 55 संगठनात्मक जिला केन्द्रों पर, ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत स्तर पर और नगरीय क्षेत्र में नगर केन्द्र स्तर पर मनाने का निश्चय किया है । सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पहुंचकर 6 अप्रैल पार्टी स्थापना दिवस को विकास पर्व के रूप में मनाने की तैयारियों को लेकर बैठक को संबोधित किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा ने हिन्दी भवन में आयोजित भोपाल जिला नगर की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी जहां हमारी मां है, पार्टी कार्यकर्ता संगठन के प्राण है। भाजपा मानवीय गरिमा की हिमायती है और यहीं साधारण-सा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष जैसे शीर्ष पदों पर पहुंच सकता है।उन्होंने पार्टी के स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आग्रह किया कि पार्टी के कार्यक्रम जनता और पार्टी के बीच सेतु का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता रामेष्वर शर्मा, प्रदेश कार्यालय मंत्री आलोक संजर, प्रदेश संवाद प्रमुख डॉ. हितेष वाजपेयी, जिला अध्यक्ष आलोक शर्मा, महापौर कृष्णा गौर, बीडीए अध्यक्ष सुरेन्द्रनाथ सिंह, विधायक जितेन्द्र डागा, ओम यादव, रामदयाल प्रजापति, सुशील वासवानी, अनिल अग्रवाल, सत्यार्थ अग्रवाल, विकास विरानी, महेश शर्मा सहित मंडल अध्यक्ष, बूथ संयोजको, नगर-ग्राम केन्द्र पदाधिकारियों ने भाग लिया।