रतलाम। नगर निगम को कर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के नाम अब निगम फ्लैक्स लगाकर सार्वजनिक करेगा। ऐसे बकायादारों के नाम और बकाया राशि का उल्लेख फ्लैक्स में किया जाएगा। ये फ्लैक्स शहर के सभी बड़े चौराहों पर लगाए जाएंगे।
बकाया कर वसूली के लिए हर रोज शहर में सुबह 7 से 10 बजे और शाम 5 से 8 बजे तक लाउड स्पीकर से प्रचार होगा। बुधवार को महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने निगम अधिकारियों को ये निर्देश जारी किए। महापौर ने बुधवार दोपहर वित्त एवं लेखा व राजस्व समिति की संयुक्त बैठक लेकर निगम की आर्थिक सेहत, वसूली और खर्च की जानकारी अधिकारियों से ली।
इसमें दोनों समितियों के प्रभारी मनीषा शर्मा व मंगल लोढ़ा भी मौजूद थे। महापौर ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक जोन में वसूली दल गठित किए जाएं और इन दलों के कर्मचारी प्रत्येक घर तक पहुंचकर बकाया वसूली के लिए दस्तक दें।