एकता में ही असली शक्ति है, इसलिए रेल कर्मचारी एकजुट रहें। नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे लगातार कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार से बात कर रही है। सातवें पे-कमीशन में संशोधन हो सकता है, जिसके बाद कर्मचारियों का वेतन और बढ़ सकता है। कर्मचारी हित की अन्य डिमांड पर भी सरकार से चर्चा चल रही है। बहुत जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ के तत्वावधान में डीजल शेड और डीआरएम कार्यालय में हुई सभा में यह बात मुख्य अतिथि एनएफआईआर के महामंत्री डॉ. एम. रघुवैया ने कही। विशेष अतिथि वेरे मजदूर संघ महामंत्री जेजी माहुरकर, अध्यक्ष शरीफ पठान, मंडल मंत्री बीके गर्ग, अध्यक्ष जसविंदर सिंह रहे। डीजल शेड की सभा में शाखा सचिव अतुल सिंह राठौर व टीम ने तथा मंडल कार्यालय पर हुई। सभा में सचिव दीपक भारद्वाज, युवा समिति अध्यक्ष गौरव दुबे व टीम ने स्वागत किया। सभा के दौरान डॉ. रघुवैया ने पदाधिकारियों से मिलकर गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही कर्मचारियों के हित में लगातार जुटकर काम करने का आह्वान किया। प्रमोद व्यास, रफीक मंसूरी, प्रतापगिरी, धीरज प्रजापति, चांद खान, योगेश पाल, जफरूल हुसैन सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन वाजिद खान ने किया। मंडल रेल कार्यालय की सभा के बाद डॉ. रघुवैया व अन्य कर्मचारी नेता सड़क मार्ग से दाहोद पहुंचे, जहां वर्कशाप पर आमसभा को संबोधित किया। इसके पहले देवेंद्र हाड़ा और सचिन मिश्रा की अगुवाई में गोधरा बायपास से कारखाना गेट तक रैली निकाली गई।