आदिशंकराचार्य की प्रतिमा हेतु धातु संग्रहण तथा जनजागरण अभियान के लिए प्रारम्भ की गई एकात्म यात्रा का 8 जनवरी को रतलाम जिले में प्रवेश हुआ। जिले के सीमावर्ती गांव सुजलाना में सुबह के समय पहुंची यात्रा का ग्रामीण जनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया, ढोल-ढमाकों से अगवानी की गई यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई। ग्रामीण पीले साफे में केसरिया भगवा झण्डे लिए हुए स्वागत हेतु उपस्थित थे, आदिशंकराचार्य एकात्म यात्रा के साथ चलने वाले वाहनों पर संतजन कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इनमें संतजन श्री संवित सोमगिरीजी महाराज बीकानेर, स्वामी भुमानंद सरस्वतीजी, स्वामी नर्मदानंदजी ओंकारेश्वर आदि शामिल है।

जिले में प्रवेश के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान के उपाध्यक्ष श्री प्रदीप पाण्डे, राज्य कृषक आयोग के अध्यक्ष श्री ईश्वरलाल पाटीदार, राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमेश मेढ़ा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष श्री अशोक चौटाला, विधायक रतलाम ग्रामीण श्री मथुरालाल डामर, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री सोमेश मिश्र, अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुन्देला, श्री अजय तिवारी, जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक श्री वरूण आचार्य, जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय के अलावा श्रीमती पद्मा जा
यसवाल सैकड़ों ग्रामीण जन उपस्थित थे।

यात्रा के साथ जन अभियान परिषद का कोर ग्रुप एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्य भी चल रहे हैं, यात्रा के स्वागत अवसर पर जन अभियान परिषद के श्री अशोक पाटीदार, श्री बलवन्त भाटी, श्री सचिन शिम्पी भी उपस्थित थे। यात्रा का स्वागत पीला साफा बांधे ग्रामीण पुरूषों तथा सिर पर कलश रखे ग्रामीण महिलाओं द्वारा किया गया। यात्रा सुजलाना से आगे बढ़ते हुए सिमलावदा, सातरूण्डा होते हुए बिरमावल पहुंची जहां जनसंवाद कार्यक्रम हुआ। यात्रा मार्ग में कतार-बद्ध खड़े बच्चों द्वारा यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई, स्थान-स्थान पर स्वागत मंच बनाए गए थे जहां से ग्रामीणों द्वारा यात्रा पर पुष्पवर्षा की जा रही थी।

एकात्म यात्रा के दौरान साथ चल रहे वाहन रथ पर आदिशंकराचार्य का व्रहत्ताकार चित्र तथा देश के प्रमुख तीर्थों के चित्र दर्शाये गए हैं। आदिशंकराचार्य के प्रतीक भी वाहन रथ पर रखे गये हैं। ग्रामीणों द्वारा उल्लास के साथ जयकारे लगाते हुए गांवों में यात्रा की अगवानी की गई, बिरमावल से आगे छतरी, पिपलोदी, खेड़ा राउदिया, फुटली चौकी, महु फंटा, अम्बोदिया फंटा, बिलपांक, धराड़ होते हुए रतलाम आने का मार्ग निर्धारित था। एकात्म यात्रा के साथ ही महिला सशक्तिकरण विभाग का बेटी बचाओ रथ तथा सामाजिक न्याय विभाग का नशा मुक्ति रथ भी साथ चल रहा है। कला पथक दल भी यात्रा सम्बन्धी भजनों का गायन कर रहा है।

एकात्म यात्रा आदिशंकराचार्य के दर्शन के प्रसार व सांस्कृतिक पुनरउत्थान के लिए – स्वामी संवित सोमगिरीजी महाराज
एकात्म यात्रा के बिरमावल पहुंचने पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ जनसंवाद कार्यक्रम में संबोधित करते हुए बीकानेर के स्वामी संवित सोमगिरीजी महाराज ने कहा कि आदिशंकराचार्य एकात्म यात्रा आदिशंकराचार्य के एकात्म दर्शन के प्रसार व सांस्कृतिक पुनरउत्थान के लिए हैं। इसके जरिये लोकचेतना एवं लोकसंस्कृति में दर्शन के प्रसार को व्यापकता देना है। इस जनसंवाद कार्यक्रम में स्वामी भुमानंद सरस्वतीजी, स्वामी नर्मदानंदजी ओंकारेश्वर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री प्रदीप पाण्डे, विधायक श्री मथुरालाल डामर, राज्य कृषक आयोग अध्यक्ष श्री ईश्वरलाल पाटीदार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमेश मेढ़ा, रमेश गिरी गोस्वामी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैक अध्यक्ष श्री अशोक चौटाला, संभागीय समन्वयक जन अभियान परिषद श्री वरूण आचार्य, पद्मा दिनेश जायसवाल, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष प्रकाश भगोरा आदि उपस्थित थे।

बिरमावल में ग्रामीणों द्वारा एकात्म यात्रा का भव्य स्वागत किया गया यात्रा के साथ ग्रामीण महिलाओं द्वारा कलश यात्रा भी निकाली गई। बेंड की मधुर धुनों के साथ यात्रा जनसंवाद स्थल पर पहुंची। स्वामी संवित सोमगिरीजी महाराज ने अपने दीर्घ उदबोधन में आदिशंकराचार्य के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एक पवित्र भूमि है यह भारत का हृदय प्रदेश है, यहां ओंकारेश्वर में आदिशंकराचार्य द्वारा ज्ञान अर्जित किया गया। एकात्म यात्रा का व्यापक प्रभाव होगा उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की इस यात्रा आयोजन के लिए सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इस यात्रा के अलावा नर्मदा सेवा यात्रा भी आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी कार्यों के साथ-साथ विशेष रूप से बालिकाओं, महिलाओं के लिए योजनायें कार्यक्रम संचालित किए हैं। एकात्म यात्रा मन को चंगा करने के लिए ज्ञान और प्रेम की यात्रा है। नैतिक शिक्षा के संदर्भ में इस यात्रा का बड़ा महत्व है। इस यात्रा का जिस उल्लास के साथ ग्रामीणों ने भावपूर्ण स्वागत किया है बालिकायें, महिलायें सम्मिलित हुई हैं, वह अद्भूत है।

इसके पूर्व मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री प्रदीप पाण्डे ने भी यात्रा के सम्बन्ध में जानकारी दी। विधायक श्री मथुरालाल डामर ने स्वागत उदबोधन दिया, राज्य कृषक आयोग के अध्यक्ष श्री ईश्वरलाल पाटीदार ने आभार माना। पाण्डाल में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला पुरूष उपस्थित थे।