कलेक्‍टर श्रीमती तन्‍वी सुंद्रियाल तथा एसपी श्री अमित सिंह ने रतलाम के मुख्‍य चौराहों सैलाना बस स्‍टेण्‍ड चौराहा तथा दो बत्‍ती चौराहा का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान कलेक्‍टर ने कहा कि चौराहे के चारो ओर लगे सिग्‍नल को व्‍यवस्थित किया जाए, चौराहे का चौड़ीकरण के लिए सभी आवश्‍यक उपाय किए जाए। अतिक्रमण वाले स्‍थानों को चिन्हित कर अतिक्रमण हटाया जाये, चौराहे पर पैदल यात्रियों के लिए जेबरा लाईन स्‍पष्‍ट अंकित की जाए। गलत तरीके से वाहन पार्किंग पर चालानी कार्यवाही की जाए, कलेक्‍टर ने चौराहों पर गड्डे होने की स्थिति में निगमायुक्त को पेचवर्क कराने के निर्देश दिए। एसपी अमित सिंह ने बताया कि मार्च माह में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे।

कलेक्‍टर ने ट्रेफिक नियमों की जागरूकता की आवश्‍यकता बताई तथा कहा कि किसी भी स्थिति में टेस्‍ट ड्राईव के बिना लायसेंस नहीं दिए जाएंगे। चौराहे के आसपास बने बिजली के खंबों की शिफ्टिंग कराकर मार्ग व्‍यवस्थित किया जाए। चौराहे के आसपास के मार्गों पर रोड़ डिवाईडर बनाए जाएंगे, एसपी ने कहा कि चौराहों पर लोगों को ट्रेफिक नियमों के संदेश देने के लिए ऑडियो सि‍स्‍टम की व्‍यवस्‍था कराकर नियमित रूप से अनाउंसमेंट कराया जाएगा। कलेक्‍टर ने रतलाम के छत्री पुल का निर्माण होने के कारण ट्रेफिक में आ रही बाधाओं को देखा तथा इसके संबंध में एसडीएम शहर तथा टीआई अजय सारवान को वैकल्पिक मार्ग व्‍यवस्‍था की पूरी कार्य योजना बनाकर आज ही प्रस्‍तुत करने के निर्देश दिए।

इस संबंध में कल शाम को 6:30 बजे सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। भ्रमण के समय एडीएम डॉ. कैलाश बुन्‍देला, एडिशनल एसपी प्रदीप शर्मा, शहर पुलिस अधीक्षक, निगमायुक्त एस.के.सिंह, एसडीएम अनिल भाना तथा अन्‍य अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।