सोमवार को महु रोड़ स्थित कृषिउपज मंडी में आये किसानों ने भोपाल में आयोजित भावान्तर राशि के प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के सन्देश को सुना। जिला प्रशासन द्वारा मंडी प्रांगण में एक बड़े एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री के भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के लाईव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमेश मइढ़ा, श्री कान्हसिंह चौहान, महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष श्री प्रकाश भगोरा, उप संचालक कृषि श्री ज्ञानसिंह मोहनिया, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. यादव, डॉ. कामिनी तथा मंडी में आये किसान तथा व्यापारी मौजूद थे।
भोपाल के जंबूरी मैदान में दोपहर 1.30 बजे से किसान महासम्मेलन आयोजित किया गया। किसान महासम्मेलन में बताया गया कि मध्य प्रदेश के इतिहास में आज एक गौरव का क्षण आया है। प्रदेश के तीन लाख 58 हजार किसानों के खाते में केवल एक क्लिक के माध्यम से 620 करोड़ रूपये की राशि का ऑनलाइन ट्रांसफर मुख्यमंत्री द्वारा भावान्तर भुगतान योजना के अन्तर्गत किया गया। कुछ किसानों को प्रतिकात्मक रूप से मंच पर भावान्तर राशि के प्रमाण-पत्र मुख्यमंत्री द्वारा वितरित किये गये।मुख्यमंत्री ने किसानों को दिये सन्देश में कहा कि पिछले एक दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसानों के हर संकट में सरकार उनके साथ है। मैं किस लिये मुख्यमंत्री बना हूं। विपरीत परिस्थितियां आती रहती हैं, परन्तु मैं अफसोस करने वाला मुख्यमंत्री नहीं हूं। किसी भी विकट परिस्थिति में न तो मैं शोक करूंगा न ही जनता को दु:खी होने दूंगा। नेतृत्व की पहचान संकट की घड़ी में ही होती है। किसानों के साथ सरकार कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी और हर मुश्किल परिस्थिति से हम लोग मिलजुल कर निपटेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन द्वारा किसानों के हित में अनेक फैसले लिये गये हैं। सरकार जीरो प्रतिशत ब्याज पर किसानों को कर्जा दे रही है। प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई अवश्य की जायेगी। प्रदेश के किसानों ने बम्पर उत्पादन लगातार किया है। 40 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने अपने सन्देश में मालवा क्षेत्र में सिंचाई के लिये घोषणा की कि नर्मदा का पानी शिप्रा में लाया गया है और गंभीर योजना भी पूर्ण हो गई है। आने वाले पांच सालों में मालवा के 11 लाख 60 हजार हेक्टेयर में सिंचाई की व्यवस्था की जायेगी, जिसके लिये शासन द्वारा 38 हजार करोड़ रूपये का निवेश किया जायेगा।
दिसंबर में फसल विक्रय करने वाले किसानों को मिला लाभ रतलाम के 4749 किसानों को 2 करोड़ 79 लाख रुपये मिले
भोपाल से मुख्यमंत्री के उदबोधन के सीधे प्रसारण को सुनने के साथ ही कृषिउपज मंडी परिसर रतलाम में प्रतीकात्मक रूप से कुछ किसानों को भावान्तर भुगतान योजना का लाभ मंच से वितरित किया गया। रतलाम जिले के 4749 किसानों को भावान्तर भुगतान योजना के अन्तर्गत 2 करोड़ 79 लाख रुपये राशि का लाभ वितरित किया गया। यह राशि गत माह दिसम्बर में किसानों द्वारा बेची गई फसलों के लिए वितरित की गई है। इनमें सोयाबीन बेचने वाले 3857 किसान, उड़द के 860 तथा मक्का बेचने वाले 44 कृषक शामिल है। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को खेती की उन्नत तकनीकें समझाई गई।
मुख्यमंत्री को सुनकर किसान हुए भाव-विभोर, बोले अब हम बेफिक्र हो गए हैं
रतलाम में आयोजित कार्यक्रम में भोपाल से प्रसारित मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उदबोधन को सुनकर मौजूद किसान भाव-विभोर हो गए। मुख्यमंत्री एक के बाद एक नई किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दे रहे थे, उनको सुनते हुए रतलाम जिले के किसान अपने भविष्य के प्रति निश्चिंत होते हुए कह रहे थे कि अब हम अपने भविष्य के प्रति बेफिक्र हो गए हैं, हमारे मन में अब कोई चिंता नहीं है। मुख्यमंत्री बता रहे थे कि किसान को तत्काल फसल बेचने की मजबूरी नहीं है, किसी भी वेयर हाऊस रखकर अच्छे मूल्य का इंतजार करे, वेयरहाऊस का किराया सरकार देगी, फिर भी अच्छे मूल्य नहीं मिले तो सरकार भावान्तर भुगतान योजना का लाभ देगी। विक्रय से पूर्व भी वेयरहाऊस में रखी फसल की 25 प्रतिशत राशि जब भी किसान चाहे प्राप्त कर सकेगा, इस राशि पर ब्याज भी सरकार देगी। किसान पूत्र-पूत्रियों के लिए कृषक युवा उद्यमी योजना में 25 लाख से लेकर 2 करोड़ रुपये के ऋण उद्यम स्थापना के लिए दिए जाएंगे। प्रदेश में 1 हजार कस्टम हायरिंग सेंटर केवल किसानों को ही मिलेंगे, मण्डियों में देश की अन्य मण्डियों में प्रचलित उपज मूल्यों की जानकारी मिलेगी, मण्डियों में ग्रेडिंग तथा पैकेजिंग की सुविधा भी मिलेगी। किसान क्रेडिट कार्ड को रुपये कार्ड में बदला जाएगा जिससे किसी भी एटीएम से किसान पैसा निकाल सकेगा। इसके अलावा पशुपालन के लिए ऋण, मुख्यमंत्री ऋण समाधान योजना, मुख्यमंत्री उत्पादकता प्रोत्साहन योजना तथा अन्य किसान हितैषी योजनाओं के बारे में जानकर किसानों के चेहरे खिल उठे।
रतलाम कार्यक्रम में मौजूद सिमलावदा के किसान शांतिलाल पाटीदार, पिपलफुटा के परमानंद एवं जगदीश कुमावत, बदनारा के धुलचंद, धामनोद के देवराम पाटीदार, संगला के शम्भुलाल जाट, करमदी के बद्रीलाल पाटीदार तथा अन्य कृषकों ने एक स्वर में मुख्यमंत्री द्वारा लागू की जा रही योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान जैसा किसानों का हमदर्द मुख्यमंत्री पहले कभी नहीं देखा।