पतरे पर चढ़ी बिल्ली को पकड़ने के लिए कुत्ता कूदा और कच्ची दीवार गिर गई। दीवार के नीचे दबने से तीन वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसा शनिवार दोपहर करीब 3.45 बजे रत्तागढ़खेड़ा में हुआ।

सातरुंडा चौकी प्रभारी आर.एस. शक्तावत ने बताया दीवार के मलबे में दबने से तीन वर्षीय खुशी उर्फ किरण पिता पुन्नालाल गणावा निवासी खाकरोड़ा (बदनावर) की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। पुन्नालाल ने बताया प|ी रेखा गुरुवार को किरण को लेकर मायके आई थी। शनिवार दोपहर घर के पास गांव के बच्चों के साथ खेल रही किरण पड़ोसी नाथूलाल के कच्चे मकान की दीवार गिरने से दब गई। उसे मलबे से निकालकर अस्पताल लाए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

नाना कैलाश मोरी ने बताया किरण के साथ तीन बच्चे और खेल रहे थे। बिल्ली का पीछा करते हुए आया कुत्ता दीवार पर कूदा। कुत्ते को देख बच्चे भागे तभी दीवार गिर गई। कुत्ते को देख तीन बच्चे भागकर दूर आ गए थे। छोटी होने के कारण किरण भाग नहीं पाई और मलबे में दब गई। सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मामा दिनेश मोरी ने बताया घटना के बाद सूचना पर 108 एम्बुलेंस पहुंची उससे पहले किरण को जीप से लेकर अस्पताल रवाना हो गए थे।