रतलाम। 80 फीट रोड के नजदीक बसे सुयोग परिसर में कॉलोनाइजर से परेशान रहवासियों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह को शिकायत कर दी। बस फिर क्या था निगमायुक्त शुक्रवार को सीधे परिसर की और दौड़ पड़े। आयुक्त के साथ निगम की पूरी फौज थी। तीन साल में पहला मौका है जब आयुक्त इस तरह दौड़े हैं। आयुक्त ने ही रहवासियों के सामने स्वीकार किया कि कॉलोनाइजर्स ने मॉर्टगेज प्लॉट बेच दिए। वे इनकी जानकारी साझा करने को तैयार हो गए।
साथ ही अधिकारियों को कॉलोनी हैंडओवर करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। सुयोग परिसर में 400 मकान हैं। कॉलोनी के रहवासी पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए 15 दिन से महापौर, निगम आयुक्त, शहर विधायक के चक्कर लगा रहे हैं। गुरुवार को रहवासी संघ पदाधिकारियों ने सीएम शिवराज सिंह को शिकायत भेज दी। इसके बाद निगम अमला एकाएक हरकत में आ गया।
खुद आयुक्त सोमनाथ झारिया शाम 4 बजे सिटी इंजीनियर सलीम खान, पीएचई ईई एसएस राजावत, सहायक यंत्री नागेश वर्मा, इंजीनियर भैयालाल चौधरी, अरविंद दशोत्तर के साथ सुयोग परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पानी की टंकी का इलेक्ट्रिक कनेक्शन कटा था। सड़कें उखड़ी थीं। कॉलोनी में विकास कार्यों में कमी मिली। आयुक्त ने अधीनस्थ अधिकारियों से कॉलोनी हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू करने, विकासकार्यो का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रहवासियों ने कॉलोनी के मॉर्टगेज प्लॉट की जानकारी मांगी।
आयुक्त ने शनिवार दोपहर तक यह जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सिटी इंजीनियर को निर्देश दिए। साथ ही कॉलोनाइजर के खिलाफ मॉर्टगेज प्लॉट बेचने के मामले में एफआईआर दर्ज कराने और वसूली की प्रक्रिया भी शुरू करने का कहा।

By parshv