रतलाम। शहर में शनिवार से खेल कुंभ कहे जाने वाले चार दिवसीय चेतना खेल मेले की शुरुआत के साथ ही खेल के कई रंग बिखर गए। शहर की सड़कों से लेकर खेल मैदानों में प्रतिभाओं ने अपना हुनर दिखाया। 65 स्कूलों की करीब पांच हजार खेल प्रतिभाओं ने शहर की सड़कों पर रैली निकाली तो हर कोई देखता रह गया। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन व क्रीडा भारती की ओर से आयोजित 18 वीं चार दिवसीय अंतर-विद्यालयीन खेलकूद स्पर्धा में 14 खेलों में ये खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन अनेक स्पर्धाए हुई।
कॉलेज रोड से विधायक चेतन काश्यप ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। शहर के मुख्य मार्गों से होकर नेहरू स्टेडियम पहुंची, जहां खेल मेले की विधिवत शुरुआत की गई। स्टेडियम परिसर में आयोजित शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि महापौर व खेल चेतना मेला संरक्षक डॉ. सुनीता यार्दे व भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित ने अध्यक्षता की। कलेक्टर व खेल चेतना मेला संरक्षक बी. चंद्रशेखर व पुलिस अधीक्षक व खेल चेतना मेला संरक्षक अविनाश शर्मा विशिष्ठ अतिथि रहे। रैली के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने झांकी के रूप में स्वच्छ भारत तथा महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। रैली में जैन पब्लिक स्कूल के बच्चे भी शामिल रहे। इस मौके पर विद्यार्थियों ने लघु नाटिका प्रस्तुत की।
कबड्डी स्पर्धा
सीनियर बालक वर्ग में डायमंड अकेडमी ने विवेक उमावि, रतलाम पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय ने तथा जूनियर बालक वर्ग में हिमालया स्कूल, न्यू अर्पित, सरस्वती शिशु मंदिर, सांई श्री अकेडमी ने जीत दर्ज की। सीनियर बालक वर्ग में डायमंड अकेडमी ने शारदा गौरव स्कूल को 33-4 से, रतलाम पब्लिक स्कूल ने मसीही स्कूल को 27-0 से, केंद्रीय विद्यालय ने सन एंड शाईन को 23-4 से पराजित किया। जूनियर वर्ग में हिमालया स्कूल ने पहली पारी में पिछडऩे के बावजूद शाण् नूतन क्रमांक 2 स्कूल को 15 अंकों से, न्यू अर्पित कान्वेंट ने डायमंड अकेडमी को 17-7 से, सरस्वती शिशु मंदिर ने रतलाम पब्लिक स्कूल को 28-16 से, सांई श्री अकेडमी ने सेंट जोसफ को 19-9 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई।
फुटबॉल स्पर्धा
शाम को हुए मैच में केंद्रीय विद्यालय की टीम ने कशमकश भरे मैच में सेंट स्टीफ न्स को सडनडेथ में 6-5 से, कान्वेंट स्कूल ने चिश्तिया पब्लिक को टाईब्रेकर में 3-2 से, प्रगति कान्वेंट ने रेलवे स्कूल को टाईब्रेकर में 3-2 से, सरस्वती शिशु मंदिर ने क्रमांक 1 को एक गोल से, उत्कृष्ट विद्यालय ने संत मीरा को एक गोल से, पराजित किया।
क्रिकेट स्पर्धा
प्रगति कान्वेंट, श्री गुरु तेग बहादुर अकेडमी, मदर टैरेसा, रतलाम पब्लिक, साँई श्री अकेडमी, मसीही स्कूल, नाहर कान्वेंट, क्रमांक 1 माणकचौक की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
खो-खो स्पर्धा
अंबेडकर खेल मैदान पर सत्यसांई स्कूल के खिलाडियों में मैच के दौरान पांच मिनिट में दो खिलाडिय़ों को आऊट किया। वहीं उत्कृष्ट विद्यालय के खिलाडिय़ों ने दो मिनिट में चार खिलाडिय़ों को आऊट करते हुए मैच 4-2 से मैच जीता। सरस्वती शिशु मंदिर ने आजाद कॉन्वेंट को एक तरफा मुकाबले में 16-0 से, न्यू अर्पित कॉन्वेंट ने सूरजपौर को, श्री गुरुतेग बहादुर अकेडमी ने रतलाम पब्लिक स्कूल को 28-22 से पराजित किया।
वालीबॉल आज
वालीबाल स्पर्धा का शुभारंभ रेलवे कालोनी स्थित वालीबाल खेल मैदान पर सायं 6 बजे होगा। कुल 14 स्कूलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। फायनल 12 जनवरी को होगा।