रतलाम। स्वच्छता अभियान में योजना को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने गुरूवार को मंजूर करते हुए 11.74 करोड़ रूपए जारी किए हैं। इसकी जानकारी महापौर डॉ. सुनीता यार्दे को निगम सम्मेलन के दौरान मिली। बाद में उन्होंने इसकी जानकारी सदन को दी। अब आयुक्त शुक्रवार को भोपाल में इस योजना पर निगम का प्रजेंटेशन देंगे।
महापौर डॉ. यार्दे ने जुलाई में मुख्यमंत्री चौहान से भोपाल में मुलाकात कर प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान के अंतर्गत शहर को साफ-सुथरा बनाने घर-घर से सुबह 8 बजे तक कचरा उठाने की योजना की रूपरेखा बताई थी। इसके लिए कर्मचारियों की बढ़ोतरी, अधिकारियों की बढोतरी व संसाधन को बढ़ाना शामिल है।
जानकारी मिलते ही चेहरा खिल गया
सदन में जब पक्ष व विपक्ष के बीच जोरदार तकरार चल रही थी, तब करीब 1 बजे महापौर को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन आया। फोन आने के बाद महापौर का चेहरा खिल गया। सीएम कार्यालय से आए इस फोन में महापौर को बताया गया कि जो रूपरेखा दी गई थी, उसको मंजूर कर राशि जारी कर दी है। अब योजना का प्रारूप बताने आयुक्त सोमनाथ झारिया को शुक्रवार को ही भोपाल भेजा जाए।
200 किलो कचरे की जरूरत
आयुक्त ने बताया बैठक में सॉलिड वेस्ट मेनेजमेंट क्लस्टर की अनुमति शहर के लिए देने की मांग की जाएगी। इसके लिए प्रतिदिन करीब 200 मैट्रिक टन कचरे की जरूरत पडेगी। फिलहाल शहर में प्रतिदिन 60-80 मैट्रिक टन कचरा उठाया जा रहा है। अधिक कचरे के लिए मेघनगर, बड़नगर, बदनावर से लेकर मंदसौर तक के शहर के कचरे को लिया जाएगा।