गांव में कोई काम नहीं हुआ है। दो साल पहले सड़क बनी थी वो भी उखड़ गई। नल-जल योजना भी नहीं है। पूरी गर्मी 4 किमी दूर बिरमावल से पानी लाकर पीना पड़ा। अधिकांश रास्ते बारिश में कीचड़ से भर जाते हैं। हमारा गांव पिपलौदी ग्राम पंचायत से जुड़ा है लेकिन पंचायत हमारे गांव पर ध्यान ही नहीं देती है। आप तो हमारे गांव को पिपलौदी पंचायत से हटाकर बिरमावल पंचायत में जोड़ दो।

यह आक्रोश ग्राम छत्री के लोगों ने विधायक मथुरालाल डामर के सामने जताया। विधायक किसान संदेश यात्रा लेकर यहां पहुंचे थे। गांव के दिनेश कुमावत ने बताया गांव में दो साल से चल रहा है कि पानी की टंकी बनेगी लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। लोग परेशान है तो गुस्सा तो फूटना ही था। यहां मंडी अध्यक्ष प्रकाश भगोरा को भी आक्रोश का सामना करना पड़ा। यहां किसान अनोखीलाल पाटीदार ने कहा रतलाम मंडी में एक व्यापारी ने 1 महीने 12 दिन तक भुगतान नहीं किया। शिकायत करने पर सुनवाई भी नहीं होती है। ऐसी व्यवस्था से किसानों को परेशान होना पड़ता है। शुभारंभ विधायक मथुरालाल डामर ने किया। विधायक ने किसानों को बेहतर खेती के लिए सुझाव दिए और कांग्रेस की दोहरी नीति पर प्रकाश डाला। यात्रा प्रभारी रामस्वरूप गुर्जर, पूर्व कृषि मंत्री धूलसिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमेश मईड़ा आदि मौजूद थे। यात्रा बिरमावल, छत्री, पिपलौदी खेड़ा, ऊणी, पीपलखूंटा,सरवनी, मूंदड़ी, उंडवा, पलास आदि गांव पहुंची।