रतलाम जिले में न्‍यूमोकोकल वैक्‍सीन लगने की शुरुआत उस समय हुई जब बाल चिकित्‍सालय में भरावा की कुई रतलाम के मोनिका तथा गौरव की डेढ़ माह की बालिका चेती पगारिया को पहला टीका लगा। कार्याक्रम की औपचारिक शुरुआत जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री प्रमेश मईड़ा ने की।

बाल चिकित्‍सालय में आयोजित बाल सुलभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री प्रमेश मईड़ा ने कहा कि बाजार में 1500 रूपये तक की कीमत में मिलने वाला टीका सरकार द्वारा बच्‍चों को नि:शुल्‍क प्रदान किया जा रहा है यह उल्‍लेखनीय उपलब्धि है जिला पंचायत के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी सोमेश मिश्रा ने बताया कि नया टीका निमोनिया तथा दिमागी बुखार जैसी बीमारियों से रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करेगा जिससे जिले की शिशु मृत्‍यु दर में उल्‍लेखनीय कमी आ सकेगी।

मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि नया टीका न्‍यूमोकोकल कान्‍जूगेट वैक्‍सीन राष्‍ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की सारणी में डेढ़ माह साढे तीन माह तथा 9 माह कि आयु में लगाया जावेगा जिन बच्‍चों की आयु आज की तारीख में डेढ़ माह से अधिक होगी उन्‍हें टीका नहीं लगेगा। यह टीका पुरी तरह कारगर एवं सुरक्षित है सभी अभिभावकों को अपने बच्‍चों का पूर्ण टीकाकरण कराना चाहिए रतलाम जिलें की शिशु मृत्‍यु दर 65 प्रति हजार होकर चिंता जनक स्थिति में है हर 6 शिशु मृत्‍यु में से एक मृत्‍यु निमोनिया संबंधी कारणों से होना बताया गया है इसलिए निमोनिया से रोग प्रतिरोधक क्षमता उत्‍पन्‍न होने से शिशु मृत्‍यु दर में उल्‍लेखनीय कमी आ सकेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्‍या में अभिभावकों द्वारा अपने बच्‍चों का टीकाकरण कराया गया।

कार्यक्रम में डब्‍लूएचओ की डॉ. स्‍वाती सिंह, आशीष चौरसिया, श्री विरेन्‍द्र सिंह रघुवंशी, श्रीमती लक्ष्‍मी जनबंधु, डॉ. प्रमोद प्रजापति, श्रीमती सरला कुरील, श्रीमती पुष्‍पा दंडि़ग, श्री निलेश चौहान, श्री नईम खान, श्री सैय्यद अली, श्री सुरेश जोशी एवं एएनएम तथा स्‍वास्‍थ्‍य सेवा प्रदाता कर्मचारी अधिकारी आदि उपस्थित रहें।