जिला पंचायत सामान्य सभा तथा सामान्य समिति की बैठक अध्यक्ष श्री प्रमेश मईड़ा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। सीईओ जिला पंचायत श्री सोमेश मिश्र भी उपस्थित थे। सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 के बजट का अनुमोदन किया गया। सामान्य सभा की बैठक में कृषि विभाग को फसल बीज प्रमाणीकरण एवं वितरण के लिए उचित निर्देश दिए गए। किसानों को मिनी किट्स वितरण की जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी देने के निर्देश दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जावरा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर कार्यपालन यंत्री की सराहना भी बैठक में की गई।

सामान्य सभा की बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, जल संसाधन, महिला बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभागों की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 13 जून से मुख्यमंत्री श्रमिक सेवा, प्रसूति सहायता योजना आरम्भ की जा रही है। मजदूर परिवार को 16 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। स्वच्छ भारत अभियान के तहत 3 जून को बाजना में सुपर सण्डे आयोजन के तहत जनप्रतिनिधियों से सम्मिलित होने हेतु भी अपील की गई।