रुपए जमा कराने आए आभूषण व्यवसायी के अकाउंटेंट को बातों में लगाकर एक व्यक्ति एक लाख 80 हजार रुपए ले गया। एचडीएफसी बैंक में घटना मंगलवार को हुई। स्टेशन रोड पुलिस जांच कर रही है।
धनजीभाई का नोहरा निवासी प्रदीप पिता जगदीशचंद्र जोशी ने बताया वे चांदनीचौक स्थित सजावट ज्वैलर्स के अकाउंटेंट हैं। मंगलवार दोेपहर को दुकान से 3 लाख 30 हजार रुपए लेकर निकले। 1.80 लाख रुपए एचडीएफसी बैंक में तथा 1.50 लाख रुपए सिंडीकेट बैंक के खाते में जमा करवाने थे। दोपहर करीब 1 बजे प्रदीप एचडीएफसी बैंक में रुपए जमा करवाने के लिए कैशियर के काउंटर पर लाइन में लगा था। पीछे खड़े व्यक्ति ने बातचीत शुरू कर परिचय पूछा।
प्रदीप ने दुकान का नाम बताया तो उसने दुकान संचालक अतुल गोरेचा और उनके परिवार के बारे में बातचीत की और बताया कि उसने भी लोकेंद्र टॉकीज पर ज्वैलर्स की दुकान खोली है। थोड़ी देर बातचीत करने के बाद उसने प्रदीप को लोकेंद्र टॉकीज स्थित दुकान से पांच लाख रुपए लाने को कहा और बताया काउंटर की लाइन में उसका आदमी खड़ा है जो प्रदीप के खाते में रुपए जमा करवा देगा।
प्रदीप ने झांसे में आकर उस व्यक्ति को 1 लाख 80 हजार रुपए दो दिए और शेष 1.50 लाख रुपए अपनी थैली में रखकर बाइक से लोकेंद्र टॉकीज पहुंचा। आस-पास कहीं ज्वैलर्स की दुकान नहीं मिली तब पता चला कि झांसा देकर वह व्यक्ति रुपए ठग ले गया। प्रदीप ने एचडीएफसी बैंक जाकर घटना की जानकारी दी और सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखने को कहा। प्रदीप ने जानकारी दी तो दुकान संचालक गोरेचा और साथी भी बैंक पहुंचे और स्टेशन रोड थाने आकर घटना की जानकारी दी।
बैंक के गेट तक छोड़ा व स्टेशन की तरफ भाग गया :थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने बताया संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी फुटेज में दिखा है। बैंक में वह प्रदीप को गेट तक छोड़ने आया तथा प्रदीप के जाने के बाद बैंक से निकला और पैदल स्टेशन की तरफ चला गया। रुपए लेन-देन करते फुटेज में नहीं दिखे हैं।