नगर निगम के मुख्य गेट पर ताला लगा था फिर बैरिकेड्स की घेराबंदी थी, उसके बाद कांग्रेसी घेराव करके बैठे। प्रदर्शन तीन घंटे चला। कांग्रेस नेताओं के भाषणों में नगर निगम, जिला प्रशासन, भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना था। ज्ञापन देने के बाद निगम गेट के सामने विरोध जताया। प्रदर्शन खत्म होने के बाद गेट का ताला वापस खोल दिया गया।
विपक्ष को नजर अंदाज कर बिना चर्चा बजट पास करने सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने सांसद कांतिलाल भूरिया के नेतृत्व में नगर निगम तिराहे पर धरना देकर निगम का घेराव किया। शुरुआत भाषणों से हुई। सांसद भूरिया, नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी, बांसवाड़ा विधायक महेंद्र मालवीय, पूर्व मंत्री महेश जोशी सहित लगभग एक दर्जन नेताओं ने नगर निगम में भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी कार्यशैली पर भाषण दिए। इसके बाद राज्यपाल के नाम कलेक्टर के प्रतिनिधि के तौर पर एसडीएम एसके झा को ज्ञापन सौंपा। साथ ही विरोध स्वरूप निगम गेट के सामने मटकियां फोड़कर नारेबाजी की। आभार मंसूर अली पटौदी ने माना।
कर्मचारी संघर्ष समिति ने बताई समस्या
18 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर सोमवार को नगर निगम संयुक्त सफाई कर्मचारी संघर्ष समिति ने सांसद कांतिलाल भूरिया को ज्ञापन दिया। इसमें बायोमेट्रिक मशीन लगाकर परेशान करने सहित अन्य समस्याओं को जिक्र है। जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर 18 अप्रैल से सफाई बंद आंदोलन करने की चेतावनी दी। विजय खरे, संजय पेमाल, अमर चौहान, कमल भाटी, विनोद चौहान, राजेंद्र डागर सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद थे।
धरने में यह रहे उपस्थित
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रभु राठौड़, डॉ. विक्रांत भूरिया, महेंद्र कटारिया, जेम्स चाको, एनएसयूआई अध्यक्ष आयुष राठौड़, रजनीकांत व्यास, प्रेमलता दवे, अदिति दवेसर, बबीता नागर, संजय दवे, राजेश भरावा, डीपी धाकड़ व अन्य।
बड़े नेता नहीं पहुंचे, महिलाओं की संख्या ज्यादा
प्रदर्शन को लेकर सांसद ने दावा किया था कि प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव सहित विधायक व अन्य नेता भी पहुंचेंगे लेकिन एक भी बड़ा नेता नहीं आया। कार्यकर्ताओं में भी महिलाओं की संख्या ज्यादा रही, वह भी नेता प्रतिपक्ष व हितेश पेमाल की बदौलत। कुछ स्थानीय नेता दूरी बनाए हुए थे। मंच पर सबके साथ आने के बजाए वे दूर खड़े रहे।
ग्रामीण कांग्रेस ने अलग सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान जिला (ग्रामीण) कांग्रेस कमेटी ने ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर अलग से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सांसद कांतिलाल भूरिया के द्वारा एसडीएम को दिया। इसमें मनरेगा फंड नहीं देने, इंदिरा आवास, मुख्यमंत्री आवास, होम स्टेट आदि योजनाओं में दो साल से राशि नहीं देने सहित पानी, तालाब सहित अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की गई है। ग्रामीण अध्यक्ष प्रकाशप्रभु राठौर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष डीपी धाकड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम पारगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान, राजेश भरावा, विष्णु कारूलाल चौहान, उपाध्यक्ष रेवाशंकर राव, दिनेश शर्मा आदि उपस्थित थे।