ग्लोबल मार्केट में तेजी का असर स्थानीय बाजार पर हो रहा है। इससे सोने के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को दाम 31 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गए। तीन साल बाद दाम ने यह स्तर छुआ है। व्यापारियों के मुताबिक ग्लोबल बाजार में तेजी है। इससे सोने के दाम में आगे भी तेजी बनी रह सकती है।
गुरुवार को सोने के दाम 30,950 रुपए थे। शुक्रवार सुबह सराफा बाजार खुलते ही सोने के दाम बढ़े और दाम 31 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गए। यह इस साल के सबसे ज्यादा दाम हैं। इसके पूर्व अगस्त 2013 में सोना 31 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम बिका था। इधर भाव बढ़ने के साथ ही बाजार में खरीददारी शुरू हो गई है। राखी का त्योहार नजदीक है। इसके बाद त्योहारी सीजन शुरू होगा। इससे व्यापारियों को आगे भी अच्छी ग्राहकी बनी रहने की संभावना है।
दीपावली तक रह सकती है तेजी -सराफा व्यापारी अनिल कटारिया ने बताया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से सोने के दाम बढ़ रहे हैं। दीपावली तक भाव तेज रहने की संभावना है। सराफा व्यापारी विशाल डांगी ने बताया अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से सोने के दाम बढ़ रहे हैं। आगे त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है। इससे दाम में यह तेजी आगे भी बनी रहेगी।
इसलिए भी बढ़ रहे सोने के दाम
अमेरिका में ब्याज बढ़ोतरी की संभावना होना।
निवेश के लिए मांग बढ़ना।
चांदी 46,350 रुपए प्रतिकिलो पहुंची
सोने के साथ चांदी के दाम में भी तेजी आई है। चांदी के दाम 46,350 रुपए प्रतिकिलो पहुंच गए। सराफा व्यापारियों के मुताबिक औद्योगिक मांग निकलने के कारण चांदी के दाम में तेजी है। चांदी में भी आगे तेजी की संभावना है। हालांकि बाजार में अभी ग्राहकी का दौर उतना नहीं दिख रहा है।
कमोडिटी बाजार में सोना 31257 रुपए
सराफा बाजार के साथ कमोडिटी बाजार में भी सोने के दाम 31 हजार रुपए के ऊपर चल रहे हैं। शुक्रवार को सोना 31257 रुपए प्रति 10 ग्राम बिका। आरजीएस सिक्युरिटी के राहुल गादिया ने बताया ग्लोबल मार्केट में तेजी से भाव बढ़ रहे हैं। भावों में आगे भी उठापटक की संभावना है। सोने के दाम 30 से 33 हजार रुपए के करीब रहेंगे। वहीं चांदी के दाम 40 से 50 के बीच रहने की संभावना है।