रतलाम। अब तक डेमू ट्रेन से रतलाम-इंदौर-रतलाम के बीच भले 2.40 घंटे लगते हों, लेकिन जल्द ही यह सफर डेढ़ घंटे से कम समय में तय होगा। रेलवे इस सेक्शन पर 100 किमी प्रति घंटे की गति से ट्रेन चलाने की योजना पर काम कर रही है। ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के निर्देशों के बाद मंडल रेल प्रबंधक मनोज शर्मा ने शनिवार को रतलाम से लक्ष्मीबाई नगर तक के ट्रैक का निरीक्षण किया। इस समय सेक्शन में ट्रेन की अधिकतम गति 75 किमी प्रतिघंटा है।

सुबह करीब 8.30 बजे मंडल के अधिकारियों का दल डीआरएम शर्मा के नेतृत्व में लक्ष्मीबाईनगर के लिए रवाना हुआ। दल ने विभिन्न स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के अलावा यात्री सुरक्षा, ट्रैक के रखरखाव व इस पर ट्रेन की गति की संभावना, विभिन्न स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य, उनकी गति व आगे की योजनाओं को देखा।

सबसे पहले नौगांवा में रुके

अधिकारियों का दल स्पेशल ट्रेन में रवाना हुआ। दल सबसे पहले नौगांवा में रुका। यहां करीब 10 मिनट तक यात्री सुविधा व पटरियों के मोड़ को देखा। इसके बाद बडऩगर में 30 मिनट, गौतमपुरा में 40 मिनट तक रुके। दल ने गौतमपुरा व फतेहाबाद के बीच ब्रिज नंबर 531 पर 35 मिनट तक बारीकी से निरीक्षण किया।

गति बढ़ाने के लिए किया निरीक्षण

निरीक्षण में रतलाम-बडऩगर-फतेहाबाद-इंदौर सेक्शन में ट्रेन की गति 100 किमी प्रति रफ्तार से करने सहित यात्री सुविधा, ट्रैक का रखरखाव आदि कारणों से निरीक्षण किया गया। – केके सिन्हा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रतलाम रेल मंडल

By parshv