रतलाम। चीनी पटाखों की बिक्री पर जिलेभर में प्रशासनिक प्रतिबंध के बाद रतलाम नगर निगम ने भी बड़ा कदम उठाया है। महापौर और निगम अध्यक्ष ने तय किया है कि इस मर्तबा दशहरा उत्सव पर न तो चीनी आतिशबाजी होगी और न ही रावण दहन के दौरान चीन निर्मित सामग्री का उपयोग ही किया जाएगा। परिषद भी इस फैसले में सबके साथ है।
जिलेभर में चीन निर्मित सामग्री के उपयोग के बहिष्कार की जनभावनाएं बढ़ती जा रही है। जनभावनाओं को देखते हुए शहर के सबसे बड़े दशहरा उत्सव में भी इस साल चीनी साम्रगी व आतिशबाजी नजर नहीं आएगी। नगर निगम रतलाम की महापौर डॉ. सुनीता यार्दे और निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने पहल करते हुए दशहरा उत्सव से चीनी आतिशबाजी को दूर रखने की पहल की है। यही नहीं दशहरा पर रावण का पुतला बनाने के दौरान भी किसी तरह की चाइनीज सामग्री का उपयोग अब नहीं किया जाएगा।
जनभावनाएं सर्वोपरि,
देश में चीन निर्मित सामान के बहिष्कार को लेकर जनभावनाओं का हम सभी सम्मान करते हैं। दशहरा उत्सव के दौरान चीनी आतिशबाजी नहीं हो, इसकी पहल की जाएगी। – डॉ. सुनीता यार्दे, महापौर रतलाम
देश सबसे पहले,
नगर निगम के माध्यम से हम देश और समाज को बड़ा संदेश दे रहे हैं। चीनी उत्पादों का उपयोग मैं व्यक्तिगत तौर पर नहीं करता, निगम के उत्सव में चाइनीज सामग्री और आतिशबाजी का प्रयोग नहीं होगा, देश से बड़कर कुछ नहीं है।
– अशोक पोरवाल, अध्यक्ष निगम परिषद