रतलाम।सीमेंट कारखानों को सप्लाई करने के लिए नगर निगम ने शनिवार से प्लास्टिक की खरीदी शुरू कर दी है। पहले दिन निगम के सिर्फ दो जोन पर 19 किलो प्लास्टिक खरीदा। दो जोन पर एक भी व्यक्ति प्लास्टिक लेकर नहीं पहुंचा। माैके पर प्लास्टिक लाने वालों को 20 रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से 380 रुपए का भुगतान किया। खरीदी रोज की जाएगी।
शहर से निकलने गंदगी में शामिल प्लास्टिक की थैलियों व डिस्पोजल के प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के लिए निगम प्लास्टिक खरीद रहा है। जुलवानिया ट्रेचिंग ग्राउंड ले जाकर फटका मशीन से साफ कर फिर बेलिंग मशीन से पैक कर कारखानोें में सप्लाई किया जाएगा।
स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्रसिंह पंवार ने बताया शनिवार को जोन एक पर एक किलो, दो पर 18 किलो प्लास्टिक खरीदा। जोन तीन व चार पर निगम अमला दिनभर इंतजार करता रहा लेकिन कोई प्लास्टिक बेचने नहीं आया। नगर निगम व यातायात की संयुक्त टीम ने शनिवार को न्यू रोड से शहर सराय तथा अलकापुरी से धानमंडी तक चलाए अस्थायी अतिक्रमण अभियान में 55 अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। शुक्रवार और शनिवार के अभियान में 13,500 रुपए जुर्माना वसूला जा चुका है।
जलप्रदाय विभाग के वसूली दल ने शनिवार को पुरोहित जी का वास तथा हाट रोड क्षेत्र के 14 अवैध नल काटे। साथ ही बकायादारों से लगभग 73668 रुपए की वसूली की। सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए 18 सफाई संरक्षकों की अनुपस्थिति दर्ज कर वेतन काटा। स्वास्थ्य विभाग अमले ने 9 आवारा कुत्तों को पकड़ा।

By parshv