निजी स्कूल बस चालकों और परिचालकों ने अब दोबारा हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। चालकों व परिचालकों ने आश्वासन के बाद भी मांगों के पूरा नहीं होने पर यह निर्णय लिया गया। हालांकि हड़ताल कब से होगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
बरबड़ हनुमान मंदिर स्थित विधायक सभागृह में रविवार को भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ की बैठक हुई। संघ के राष्ट्रीय सचिव मनीष सोनी ने बताया जिले के स्कूल बस चालकों व परिचालकों ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर पूर्व में कई बार ज्ञापन दिए। प्रमुख मांग में वेतन वृद्धि भी शामिल है। इसे लेकर हमने धरना-प्रदर्शन भी किया लेकिन 12 जनवरी को श्रम विभाग से जारी आदेश के बाद इसे स्थगित कर दिया था। आदेश के बावजूद अभी तक किसी प्रकार की वेतन वृद्धि नहीं की गई है। बैठक में चालकों-परिचालकों ने 15 दिनों में रणनीति बनाकर हड़ताल करने का निर्णय लिया है। हड़ताल के दौरान चालक आमरण अनशन भी करेंगे।