आगामी 28 जनवरी को आयोजित होने वाले पल्‍स पोलियो अभियान की सफलता के लिए विभिन्न विभाग प्रमुखों एवं सदस्‍यों की उपस्थिति में मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सोमेश मिश्रा की अध्‍यक्षता में आज जिला स्‍तरीय टास्‍क फोर्स समिति की बैठक का आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने निर्द‍ेशित किया कि 28 जनवरी को बूथ स्‍थल पर ही बच्‍चों को लाकर दवा की खुराक दी जाए प्रथम दिवस का कवरेज 75 प्रतिशत से कम होने की दशा में जिम्‍मेदार कर्मचारी और अधिकारियों को कारण बताओं नोटिस जारी किया जायेगा। जिले में पल्‍स पोलियो अभियान के तहत करीब 2 लाख 7 हजार बच्‍चों को पोलिया विरोधी दवा पिलाने का लक्ष्‍य तय किया गया है।

बैठक में सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि विभाग द्वारा 28 जनवरी और 11 मार्च को दो चरणों में पल्‍स पोलियो अभियान का क्रियान्‍वयन कर बच्‍चों को पोलियों की खुराक पिलाई जायेगी। पहले दिन दवा से वंचित रहने वाले बच्‍चों को दूसरे और तीसरे दिन घर-घर जाकर पोलियों की दवा पिलाई जायेगी। जिला टीकाकरण डॉ. वर्षा कुरील ने बताया कि इस वर्ष रतलाम में 2 लाख 7 हजार बच्‍चो को दवा पिलाने का लक्ष्‍य निर्धारित किया गया है और इसके लिए 1489 टीमें गठित की गई है। इन टीमों के कार्य का सुपरविजन करने के लिए 3265 सुपरवाईजर नियुक्‍त किए गए हैं।

पल्‍स पोलियो अभियान के संचालन के लिए महिला एवं बालविकास विभाग, शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्‍याण विभाग से अभियान के पूर्व रेली का आयोजन कर प्रचार-प्रसार करने एवं घरों में सूचना दिए जाने संबंधी चर्चा की गई। बैठक में समन्‍वयक जिला शिक्षा केन्‍द्र, सहायक आयुक्‍त आदिम जाति कल्‍याण तथा अन्‍य विकासखण्‍ड चिकित्‍सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं अन्‍य अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।