भाजपा के दीनदयाल मंडल, मुखर्जी मंडल, सूरजमल जैन मंडल से नवनियुक्त किसान मोर्चा, आईटी सेल व भाजपा महिला मोर्चा के जिला पदाधिकारियों की नियुक्ति पर स्वागत समारोह हुआ। राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष व विधायक चेतन्य काश्यप ने पदाधिकारियों का स्वागत किया।

काश्यप ने कहा पार्टी ने आपको जो दायित्व दिया है उस पर आप सभी को पूर्ण निष्ठा से कार्य कर उस पर खरा उतरना हैं। रतलाम में हमने विकास कार्यों के माध्यम से 30-40 वर्षों के सपने को आधारशिला दी है। मेडिकल कालेज, नमकीन क्लस्टर व गोल्ड काम्पलेक्स के माध्यम से विकास कार्यों को गति मिलेगी। इससे 10 से 15 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। शहर में जो बदलाव हमने किए हैं वह पूरे प्रदेश में मिसाल बने हैं। अवैध कालोनियों के नियमितिकरण जैसा कार्य प्रदेश में रोल माडल बना हैं। नगर में सीवरेज का कार्य प्रगति पर है। इसके बाद शहर की सड़कों का निर्माण होगा। मैंने योजना आयोग के माध्यम से प्रदेश के नगरों के लिए इस हेतु 1800 करोड़ का प्रस्ताव रखा है जिसमें से प्रत्येक नगर को सड़क निर्माण हेतु आवश्यकता अनुसार राशि मिलेगी। शहर की 33 अवैध कालोनियों में विकास कार्यों हेतु 22 करोड़ रुपए भी शीघ्र प्राप्त हो जाएंगे। निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया।

नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का किया स्वागत

जिला महामंत्री मनीषा शर्मा, किसान मोर्चा जिला महामंत्री धर्मेंद्र देवड़ा, दीनदयाल मंडल से महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सीमा अग्रवाल, जिला मंत्री विष्णुकांता पांचाल आदि का स्वागत किया। जिला उपाध्यक्ष मनोहर पोरवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश बदलानी, जयवंत कोठारी, संतोष पोरवाल, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष नंदकिशोर तोषावड़ा आदि मौजूद थे। संचालन गोपाल शर्मा, नंदकिशोर पंवार एवं मनोज शर्मा ने किया।