रतलाम। संयुक्त सफाई संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने सोमवार शाम निगमायुक्त से बंद कमरे में बदसलूकी की। इसके बाद इसे व्यक्तिगत मामला बता दिया। इधर आयुक्त का कहना है पदाधिकारी सफाई कर्मियों पर हो रही रोज की कार्रवाईयों से बौखलाए हुए हैं।

संयुक्त सफाईकर्मचारी संघर्ष समिति पदाधिकारी विनोद चौहान, विजय खरे, अमर चौहान सहित कई लोग शाम 6 बजे निगमायुक्त सोमनाथ झारिया के कैबिन में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कैबिन का दरवाजा बंद कर दिया। आधे घंटे तक आयुक्त से बदसलूकी की। कैबिन का दरवाजा बंद होते ही निगम कर्मचारियों के कान खड़े हो गए।

वे निगमायुक्त और पदाधिकारियों की बहस सुनते रहे। इस दौरान एक पदाधिकारी ने तो आयुक्त को फांसी लगाने तक की धमकी दे दी। इस दौरान मीडियाकर्मियों ने कैबिन में जाने की कोशिश की लेकिन पदाधिकारियों ने उन्हें बाहर कर दिया। थोड़ी देर बाद कर्मचारियों व मीडियाकर्मियों ने दरवाजा खटखटाया तो कैिबन में मौजूद पदाधिकारी शांत हो गए और कैबिन से चले गए।

संयुक्त सफाई कर्मचारी संघर्ष समिति जिलाध्यक्ष विनोद चौहान ने बताया हम आयुक्त से व्यक्तिगत तौर पर मिलने गए थे। इस संबंध में हमें कुछ नहीं कहना है।

44 अनुपस्थित का वेतन काटा
सोमवार को भी निगमायुक्त ने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने की कार्रवाई की। निगमायुक्त सोमनाथ झारिया ने बताया सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान 44 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित थे। इसलिए उनका वेतन काटने संबंधी नोटिस जारी किया।

कर्मचारी दबाव बना रहे हैं, हम अनुचित मांग नहीं मानेंगे
सफाईकर्मी 2014 में भी तीन दिन की हड़ताल पर गए थे। उनकी मांग है कि दोनों हड़ताल के दौरान काम नहीं करने का वेतन निगम द्वारा दिया जाए। बगैर काम के वेतन निगम एक्ट के विरुद्ध है। इसलिए वेतन नहीं दिया जा रहा है। अनुचित मांगों को नहीं माना जाएगा और कार्य स्थल से लगातार गायब रहने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाती रहेगी। कर्मचारी कार्रवाई रोकने के लिए अनुचित तरीके से दबाव बना रहे हैं। सोमनाथ झारिया, निगमायुक्त

अंदर की बात
नवरात्रि के पहले कर्मचारियों ने हड़ताल की थी। उनके काम से लौट आने के बाद कई कर्मचारी लगातार कार्य स्थल से नदारद रहने लगे। इस पर निगमायुक्त उनकी अनुपस्थिति लगाकर एक दिन का वेतन काटा जा रहा है। अब तक 125 से अधिक कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पदाधिकारी इसे द्वेषतापूर्ण कार्रवाई बता रहे हैं। आशंका है कि सोमवार को हुआ घटनाक्रम इसी का परिणाम है।

By parshv