रतलाम। बेमौसम बारिश और ओले की मार ने किसानों को खासा नुकसान पहुंचाया है। बारिश से गेहूं का रंग फीका पड़ गया है। पिछले एक सप्ताह में गेहूं के दामों में 30 फीसद तक की कमी आई है। कम दाम मिलने से किसान उपज लेकर मंडी से वापस लौट रहे हैं। इधर आवक कम होने से अच्छी क्वालिटी के गेहूं के भाव बढ़ गए हैं।

मालूम हो कि गेहूं की फसल के लिए रतलाम देशभर में पहचाना जाता है। यहां से मुंबई, गुजरात और दक्षिण भारत के कई शहरों में गेहूं भेजा जाता है। काली मिट्टी, रासायनिक खादों का कम उपयोग और अच्छी जलवायु के कारण यहां के गेहूं की चमक व गुणवत्ता बेहतर होती है।

जिले में इस वर्ष 60 हजार 9 हेक्टयर क्षेत्र में गेहूं की बोवनी हुई थी। एक सप्ताह पहले तक मौसम अनुकूल रहने से कटाई और आवक का काम जोरों पर था। एक सप्ताह पहले हल्की क्वालिटी का गेहूं 1350 से 1600 रुपए क्िवटल तक बिका था। वह अब चमक फीकी पड़ने से 1100 से 1200 रुपए तक बिक रहा है। वहीं फसल खराब होने से अच्छी क्वालिटी की आवक कम हो गई हैं, जिससे अच्छी क्वालिटी के दाम में 200 से 300 रुपए क्िवटल की तेजी आई है।

सरकार के प्रति गुस्सा

कम दाम मिलने से किसान प्रदेश सरकार से भी नाराज हैं। किसानों का कहना है कि अभी तक समर्थन मूल्य पर खरीदी नहीं हो सकी है। सरकार को होली बाद से ही समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू कर देना चाहिए। था। इस बार बोनस भी नहीं है। इस तरह से किसानों पर दोहरी मार है।

इसलिए घटे और बढ़े भाव

नमी वाले गेहूं को ज्यादा समय तक नहीं रखा जा सकता। सूखने पर उसमें धनोरिए (कीड़े) पड़ जाते हैं। बारिश प्रभावित गेहूं के दामों में गिरावट आई है। वहीं अच्छी क्वालिटी वाला गेहूं लंबे समय तक रखा जा सकता है।

आवक बढ़ी पर क्वालिटी घटी

मंडी में गेहूं की आवक में कमी दर्ज नहीं की गई है। एक सप्ताह पहले जहां 6 से 9 हजार बोरी की आवक हो रही थी, वहीं अब 11 से 15 हजार की आवक हो रही है। मंगलवार को जहां आवक 14903 हजार बोरी थी, वहीं बुधवार को 15 हजार 445 बोरी गेहूं मंडी में पहुंचा। व्यापारियों के अनुसार एक सप्ताह पहले जहां कुल आवक का 90 फीसद गेहूं अच्छी क्वालिटी का आ रहा थी, वहीं अब 30 से 35 फीसद ही आ रहा है। 60 से 65 फीसद गेहूं बारिश प्रभावित आ रहा है।

धार और उज्जैन के किसान भी आते हैं

रतलाम मंडी इंदौर व उज्जैन संभाग की बड़ी मंडियों में आती है। यहां उज्जैन व धार जिले के किसान भी अनाज बेचने आ रहे हैं। किसानों के अनुसार बदनावर, धार, खाचरौद, बड़नगर व अन्य मंडियों की अपेक्षा रतलाम में 50 से 70 रुपए क्िवटल भाव ज्यादा मिलता है। वहीं भुगतान व तौल भी समय पर होता है।

गेहूं की आवक व दाम

दिनांक आवक भाव

04 मार्च 09480 1454 से 2001

05 मार्च 06718 1453 से 1931

07 मार्च 07077 1461 से 1934

11 मार्च 22405 1345 से 1950

12 मार्च 17528 1330 से 2276

13 मार्च 14685 1340 से 1972

14 मार्च 11797 1380 से 2110

16 मार्च 17208 1370 से 2041

17 मार्च 14903 1365 से 2121

18 मार्च 15445 1345 से 2008

(नोट : लोकवन गेहूं की आवक व भाव मंडी के अनुसार।

By parshv