रतलाम . जिला अस्पताल के मनोरोग चिकित्सक निर्मलकुमार जैन (52) शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में गंभीर घायल हो गए। रतलाम से मंदसौर जाते वक्त परवलिया के पास संतुलन बिगड़ने से उनकी कार फोरलेन किनारे खाई में जा गिरी। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रतलाम रैफर किया गया। 
डॉ. जैन शुक्रवार सुबह 10.30 बजे कार (एमपी 43 सी 1794) से मंदसौर जा रहे थे। फोरलेन पर परवलिया के समीप कार का संतुलन बिगड़ा और जैन फोरलेन किनारे पुलिया से 30 फीट दूर खाई में जा गिरे। जहां कार गिरी वहां पानी भरा होने से उनके मुंह में भी पानी भर गया। होटल पर बैठे लोगों ने उन्हें कार से निकाला। एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल ले गए। यहां डॉ. ए.एस. राठौर डॉ. जी.एस. पाटीदार ने प्राथमिक इलाज के बाद रतलाम रैफर कर दिया। जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. कृपालसिंह राठौर ने बताया डॉ. जैन की पसली मैं फ्रैक्चर है। स्पाइनल में भी फ्रैक्चर की आशंका है। 
जावरा अस्पताल में ड्रेसर ने पहचाना 
परवलिया में घायल डॉ. जैन को टोल नाके की एम्बुलेंस से जावरा अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने तक वे अर्धमूर्छित थे। जावरा अस्पताल के ड्रेसर विनोद ने पहचाना। डॉ. जैन ने बताया मैं जिला अस्पताल में डॉक्टर हूं। 
खराब थी संजीवनी एम्बुलेंस 
जावरा अस्पताल से रतलाम के लिए जब 108 नंबर पर कॉल किया तो पता चला यह खराब है। नामली से 108 मंगवाकर डॉ. जैन को रतलाम भेजा। चालक के अनुसार बैरिंग टूटने से जावरा की एम्बुलेंस आठ दिन से खराब है। 

By parshv