मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.प्रभाकर ननावरे ने बताया कि मीजल्स और रूबेला टीकाकरण के लिए शहर के शिक्षकों की उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन लायन्स क्लब हाल में किया गया जिसमें शासकीय एवं निजी स्कूलों के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यशाला में डब्ल्यूएचओ की सर्विलेंस मेडिकल आफिसर डॉ. स्वाति मित्तल एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील ने बताया कि मीजल्स और रूबेला जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जिले के 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण 15 जनवरी के बाद किया जाएगा। इस अभियान का लक्ष्य 100 फीसदी लक्षित बच्चों को एमआर टीका से प्रतिरक्षित कर तेजी से जनसंख्या प्रतिरक्षा का निर्माण करना तथा अतिसंवेदनशील समूह वाले बच्चों से बीमारी को दूर करना है, ताकि मिजेल्स और जन्मजात रूबेला सिंड्रोम के कारण होने वाली मृत्यु को कम किया जा सके। अभियान के दौरान कक्षा दसवीं तक के बच्चों को कवरेज किया जाएगा। जिसमें अधिक बच्चों की संख्या वाले स्कूलों को पहले कवर किया जाएगा एवं यथासंभव एक दिन में एक स्कूल के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण करने वाली टीम में एएनएम, आशा, आंगनवाडी कार्यकर्ता तथा शिक्षक सम्मिमित होंगे।
टीकाकरण से पूर्व अभिभावको को कार्यक्रम की पालक अभिभावक बैठक कर पुर्व जानकारी देकर शंका समाधान किया जाएगा। सभी बच्चों का टीकाकरण कराया जाना आवश्यक रहेगा। अत्यधिक बुखार या अन्य गंभीर बीमारी जैसे बेहोशी दौरे पडना, भर्ती, गंभीर एलर्जी के बच्चों को टीकाकरण नहीं किया जाएगा। बच्चों को प्रेरित करने के लिए चित्रकला, निबंध प्रतियोगिताऐं आयोजित की जाएगी। यदि पुर्व में बच्चे को खसरे का टीका लग चुका हो तब भी अतिरिक्त आधार पर एमआर का टीका आवश्यक रूप से लगाया जाएगा। टीकाकरण के लिए पूर्व से ही सहयोगी वातावरण निर्माण किया जाएगा। भारत में अब तक लगभग 15 करोड बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। मीजल्स और रूबेला का टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। अन्य दूसरी दवाओं और टीकों की तरह ही कुछ हल्के क्षणिक प्रतिकूल प्रभाव जैसे कि लालीपन, बुखार और शरीर में चकत्ता का होना जैसे लक्षण टीकाकरण के बाद देखने में आ सकता है, लेकिन यह सामान्य बात है। यह खुद ही ठीक हो जाते हैं या इनका उपचार बहुत ही आसानी से किया जा सकता है।
कार्यशाला में उपस्थित शिक्षको ने भारत को खसरा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यशाला में शहर काजी एवं प्रायवेट स्कूल एसोसिएशन के दीपेश ओझा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।