मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने सभी वर्गों के लिए योजनाए बनाई है स श्रमिक वर्गों के कल्याण के लिए बनाई गई योजना से माता बहिनों, युवाओं एवं बुजुर्गो को लाभ मिलेगा, उनका जीवन बेहतर होगा। ये विचार मंदसौर-जावरा सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने जावरा एवं पिपलौदा में आयोजित मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के हितग्राहियों के लाभ वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए । इस अवसर पर अध्यक्षता करते हुए जावरा विधायक डा. राजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना में जावरा विधानसभा के 1 लाख 10 हजार से अधिक ग्रामीणों व नगरवासियों का पंजीयन किया गया है। इन हितग्राहियों को योजनानुसार विभिन्न लाभ दिए जायेगे, प्रदेश शासन श्रमिको के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है।
जावरा में आयोजित कार्यक्रम में पंजीकृत असंगठित श्रमिको में से 10 हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता, 8 राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, 429 कल्याणी पेंशन योजना, 175 श्रमिक सेवा प्रसूति, 50 उज्ज्वला गेस कनेक्शन के वितरण किये गये। इसी तरह पिपलोदा जनपद पंचायत एवं नगर परिषद् द्वारा आयोजित कार्यक्रम असंगठित कर्मकार मंडल योजना, लाडली लक्ष्मी, प्रसूति सहायता, तेंदूपत्ता संग्राहको, आबादी भूखंडधारक प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया।
जावरा में नगर पालिका द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने हितग्राहियों को लाभ वितरित किये। आयोजित कार्यक्रमों में जावरा जनपद पंचायत अध्यक्ष रामविलास धाकड़, उपाध्यक्ष लोकेन्द्र सिंह,जिला पंचायत सदस्य बालाराम पाटीदार, पिपलोदा जनपद अध्यक्षा श्रीमती संतोष धाकड़, नगर परिषद पिपलोदा श्याम बिहारी पटेल, अनुविभागीय अधिकारी वीर सिंह चोहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती विष्णु गुप्ता, अल्फिया खान सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।