स्वच्छता अभियान अंतर्गत जिले में कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल द्वारा निरंतर किये जा रहे प्रयासों ने ग्राम शक्करखेड़ी की कविता बामनिया और उसकी मॉ को इस तरह प्रेरित किया कि उन्होने खुद ही अपने हाथों से शौचालय के लिये गढ्ढा खोद डाला। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश वर्मा ने बताया कि जनपद पंचायत पिपलौदा की ग्राम पंचायत तालिदाना के ग्राम शक्करखेड़ी की मॉ-बेटी ने शौचालय बनाने का निर्णय लिया और उन्होने पॉच फीट का गढ्ढा खोद डाला। कविता बामनिया ने बताया कि वह दसवीं कक्षा की छात्रा हैं और मान-सम्मान और मर्यादा के लिये खुद काम करने में कोई झिझक नहीं होनी चाहिए।
श्री वर्मा ने बताया कि गढ्ढा खोदे जाने के उपरांत शौचालय का निर्माण कार्य प्रारम्भ हो गया है और शीघ्र ही वह पूर्ण हो जायेगा। उन्होने बताया कि इस प्रकार के कार्य से ग्रामीणों को भी प्रेरणा मिली हैं और सभी ने अपने-अपने घरों में शीघ्रता से शौचालय निर्माण के कार्य को प्राथमिकता देते हुए पूर्ण कराये जाने हेतु आश्वस्त किया।