खेल जीवन में अनुशासन लाता है। युवाओं में उत्साह और अनुशासन लाने के लिए खेल आवश्यक है। सफलता और असफलता दोनों निश्चित है, मगर उत्साह और खेल भावना के साथ खेला गया मैच जीत जरूर दिलाता है।

यह बात राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष और शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने नेहरू स्टेडियम में आयोजित रतलाम ट्रॉफी टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर कही। आयोजक अक्षय संघवी ने बताया इस दौरान निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, आयोजन समिति के संरक्षक अशोक जैन लाला, सुशील संघवी मंचासीन थे। स्पर्धा की शुरुआत के पहले खिलाडिय़ों से अतिथियों ने परिचय लिया। रविवार को पहला मैच रतलाम इंडियन और फाइट क्लब के बीच खेला गया। रतलाम इंडियन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 95 रन बनाए, जिसके जवाब में फाइट क्लब 64 रन पर ही आल आउट हो गई। रतलाम इंडियन के रोहित गुप्ता ने 22 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली और मैन ऑफ द मैच रहे।

दूसरा मैच विराट 11 और पुलिस लाइन के बीच खेला गया। इसमें पुलिस लाइन ने जीत हासिल की। सोमवार के मुकाबले सुबह 10 बजे से होंगे। पहला मैच थंडर टीम और एडल्फ अंबर के बीच होगा। दूसरा मैच एमपी पुलिस और एमपी फोर्स के बीच खेला जाएगा। कामेंट्री गोविंद मालवी व चंचल ने की। एंपायर की भूमिका जीनू व विनोद मारू, भय्यू मईड़ा ने निभाई।

रतलाम | क्रिकेट व कबड्डी की तरह अब इंडियन वालीबॉल लीग होगी। भारतीय वालीबॉल संघ ने तैयारी शुरू कर दी है। 2 जनवरी से खंडवा में राष्ट्रीय यूथ स्पर्धा होगी। इसमें विभिन्न प्रदेशों के एक हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। यह बात मप्र एम्यूचर वालीबॉल संघ अध्यक्ष रुद्रप्रतापसिंह ने कही। रेलवे कॉलोनी खेल मैदान पर सिंह का जिला वालीबॉल संघ अध्यक्ष मुबारिक खान, चेयरमैन भगतसिंह भदौरिया और सचिव प्रकाशचंद्र व्यास सहित अन्य ने सम्मान किया। कार्यक्रम में सचिव व्यास ने बताया चयनित खिलाड़ियों को पांच साल तक नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।