रतलाम। जिले के पिपलौदा-जावरा रोड पर हरियाखेड़ा मेें मगरे के पास रविवार देर शाम एक प्रेमी युगल की लाश मिली। उनके पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें दोनों ने परिजन द्वारा शादी के लिए तैयार नहीं होने पर जहर खाकर जान देने का उल्लेख किया है।

घटना स्थल पर पुलिस को जहरीला पदार्थ भी मिला है। इससे प्रथमदृष्टया यह माना जा रहा है कि दोनों ने खुदकुशी कर अपनी जान दी है। दोनों डेढ़ माह पहले घर से भाग गए थे। लड़की के परिजनों ने युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे किसी को हरियाखेड़ा में एक युवक व एक लड़की की लाश दिखाई दी। कुछ ही देर में खबर क्षेत्र में तेजी से फैली और मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस को शाम करीब साढ़े छह बजे लड़का-लड़की की लाश मिलने की सूचना मिली। जावरा एसडीओपी केके व्यास और औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाने के टीआई आरसी कोली दल के साथ मौके पर पहुंचे।
रतलाम से एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों और एफएसएल अधिकारी ने घटनास्थल की जांच की। इस दौरान पुलिस को मृतकों के पास जहरीला पदार्थ व एक सुसाइड नोट मिला। मृतकों की शिनाख्त महेश पिता बाबूलाल (23) व साढ़े सत्रह वर्षीय मांगूड़ी (परिवर्तित नाम) निवासी ग्राम बरगढ़ के रूप में हुई। जांच के बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भिजवाए गए।
शादी करना चाहते थे
सूत्रों के अनुसार सुसाइड नोट में लिखा है कि वे दोनों प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन तैयार नहीं थे। एसडीओपी श्री व्यास ने सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि सुसाइड नोट में लिखा है कि वे दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन तैयार नहीं थे। इस कारण जहर का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर रहे हैं। सुसाइड नोट और मामले की जांच की जा रही है।
जमानत पर जेल से हुआ था रिहा
पुलिस के अनुसार दोनों 21 मार्च 2015 को घर से भाग गए थे। लड़की के परिजन ने औद्योगिक क्षेत्र थाने पर रिपोर्ट की थी। आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। 5 मार्च को आरोपी महेश थाने पर पेश हुआ था।
पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। कुछ दिन बाद उसकी जमानत हो गई थी। परिजन ने लड़की की उम्र साढ़े सत्रह वर्ष बताई थी। पुलिस ने उसका मेडिकल व उम्र जानने के लिए एक्स-रे कराया था, जिसमें लड़की की उम्र 18 से 20 वर्ष बताई गई थी।

By parshv