रतलाम रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में सांसद चुनने के लिए शनिवार को वोट डाले जाएंगे। सुबह सात बजे से शुरू होने वाले मतदान में शाम पांच बजे तक दस घन्टों में सभी आठ प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। इस चुनाव में रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर के कुल 17 लाख 42 हजार 628 मतदाता मतदान से प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। रतलाम के आठ केन्द्रों पर वेबकास्टिंग व्यवस्था की गई है। इन केन्द्रो ंपर वेब कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के माध्यम से निर्वाचन विभाग की ऑनलाइन साइट पर फुटेज देखे जा सकेंगे। 
216 संवेदनशील केन्द्रों पर रहेगी नजर
रतलाम शहर, रतलाम ग्रामीण और सैलाना के 216 मतदान केन्द्र संवदेनशील हैं। इन सभी केन्द्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। रतलाम शहर में 55 केन्द्रों को संवेदनशील माना गया है। वहीं, रतलाम ग्रामीण में इनकी संख्या 91 हैं। सैलाना मेें भी 70 केन्द्रों पर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल व जिला पुलिस बल के जवान तैनात किए हैं।
कुल 2200 केन्द्र
संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए 2200 केन्द्रों पर मतदान होगा। झाबुआ जिले में सबसे ज्यादा 886 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जबकि रतलाम जिले में 718 और आलीराजपुर जिले में 596 केन्द्रों पर मतदान किया जाएगा। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। 3500 से ज्यादा जवानों की मौजूदगी में मतदान होगा। वहीं, आठ केन्द्रों पर वेबकास्टिंग से फुटेज जुटाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी बी चंद्रशेखर ने बताया कि मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। हर केन्द्र पर मतदान दल को सामग्री के साथ भेजा गया है। मतदान केन्द्रों पर शुक्रवार देर रात तक सभी दल पहुंच गए हैं। सुबह से मतदान शुरू हो जाएगा।  इसके लिए सभी केन्द्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान होगा। वहीं, पहली मर्तबा सशस्त्र बल भी तैनात किया गया है।
10 हजार से ज्यादा मतदानकर्मी
संसदीय सीट की आठ विधानसभाओं में 10 हजार 300 से ज्यादा मतदानकर्मियों को जिम्मेदारी दी गई है। मतदान पूर्ण होने के बाद रात 9 बजे शासकीय कन्या महाविद्यालय में सामग्री और ईवीएम जमा करवाएंगे। ईवीएम   स्ट्रांग रूम में रखी जाएगी। सुरक्षा के लिए भी केन्द्रीय बल की एक कंपनी तैनात की गई है। 
इस बार प्रत्याशियों के छायाचित्र भी 
ईवीएम में लगे हुए मतपत्र पर प्रतीक चिन्ह के साथ साथ चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी का छायाचित्र भी दर्शाया जाएगा। करीब 17 लाख 42 हजार 628 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 8 लाख 79 हजार 508 पुरूष एवं 8 लाख 63 हजार  88 महिलाएं हैं। वहीं, सभी आठ विधानसभाओं में 32 अन्य मतदाता भी शामिल हैं।
मतदान मौलिक अधिकार
मतदान सभी की नैतिक जिम्मेदारी और मौलिक अधिकार है। मतदान की समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई है। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। 
                                                                                                       – बी चंद्रशेखर,  कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी रतलाम

By parshv