रतलाम। रतलाम में शहर के कॉलेज रोड पर देर रात हिंदू संगठन के कार्यकर्ता की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ेने गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही देर रात हिंदू संगठन के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और घटना का विरोध जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस बीच शुक्रवार सुबह सूरज उगते ही संगठन के कार्यकर्ता रतलाम बंद कराने निकल पड़े।

स्टेशन रोड थाना पुलिस के अनुसार घटना में लंबी गली निवासी तरुण पिता राजेश सांखला उम्र 20 वर्ष की मौत हुई है। तरूण देर गरबे देख बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान कॉलेज रोड पर जैन एक्स-रे के सामने बाइक पर आए तीन अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मारी और फिर मौके से फरार हो गए। राह चलते लोगों ने जब तरूण को सड़क पर देखा तो उसे उठाकर अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तरूण के परिजन व उसके साथी कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे। मृतक हिंदू संगठन से जुड़ा था, उसकी मौत का समाचार संगठन के कार्यकर्ताओं को मिलने पर वह अस्पताल पहुंचे और आक्रोश जताया। देर रात तक पुलिस व प्रशासन का अमला गुस्साई भीड़ को शांत करने में लगा रहा।

सूत्रों की माने तो घटना रात करीब १२.४५ बजे की है। हमलावरों ने तरूण को गोली मारने के बाद उसे कुछ दूर तक घसीटकर ले गए थे। देर रात एसपी ने अस्पताल के बाद घटनास्थल पहुुंचकर पूरे मामले की जांच की और उससे जुड़े अन्य तथ्य भी जुटाए।

पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अमितसिंह ने देर रात से ही पूरे शहर में पुलिस बल तैनात कर दिया। वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में अधिक मात्रा में पुलिस तैनात की गई। सुबह होते साथ ही हिंदू संगठन के और नेता व कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। इस दौरान पोस्टमार्टम के पहले संगठन के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के नाहरपुरा वाले गेट के बाहर सड़क पर बैठकर विरोध दर्ज कराया। बाद में पैदल जुलूस लेकर निकल गए। इस बीच पुलिस भी मामले को शांत करने के लिए उनके आगे पीछे दौड़ती भागती नजर आई।

निकल गए रतलाम बंद के लिए
सुबह ८ बजते ही संगठन के कार्यकर्ता रतलाम बंद कराने के लिए निकल गए। भीड़ को बंद के लिए जाते देख पुलिस भी उनके साथ हो गई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जबरन बंद न कराए जाने की भी बात कही, जिस पर कार्यकर्ता मान गए, लेकिन वह दुकानदारों के यहां पहुंचे और विरोध स्वरूप दुकानें बंद रखने का कार्यकर्ताओं से निवेदन किया। इस पर कुछ लोगों ने स्वेच्छा से ही दुकानों के शटर गिरा लिए, तो कुछ जगह मामूली विवाद की स्थिति बनी।

जिम पर मारे पत्थर
इस घटना के बाद सुबह सड़क पर आई भीड़ में से कुछ लोगों ने रोटरी गार्डन के सामने बनी एक जिम पर भी पत्थर बरसाए, जिससे जिम पर लगे कांच खराब हो गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस कार्यकर्ताओं के जुलूस के पीछे हो गई।

पहले भी हुआ हमला
तरूण पर बीते साल नवरात्र में भी जानलेवा हमला हुआ था। उस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस की माने तो उसके खिलाफ भी मारपीट सहित जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज किया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में तरूण पर पूर्व में हमला करने वालों की तलाश निकाल रही है। वहीं इस घटना के बाद एक व्यक्ति को भी पूछताछ के लिए थाने लाई है, जहां उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

कोठारी पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना के बाद सुबह होते साथ ही पूर्व मंत्री व वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी भी जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उनके द्वारा मृतक के परिजनों को सांत्वना दी गई और पुलिस हत्यारों को जल्द पकडऩे की बात कही।