राज्य शासन द्वारा आयोजित किए जा रहे विकास पर्व आयोजन के तहत सैलाना तहसील के ग्राम सकरावदा में 3 करोड़ 20 लाख 13 हजार रुपये की लागत की नलजल योजनाओं का भूमिपूजन आज संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष एवं विधायक रतलाम श्री चेतन्य काश्यप थे। अध्यक्षता विधायक सैलाना श्रीमती संगीता चारेल ने की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमेश मईड़ा, सैलाना मंडी अध्यक्ष डॉ. विजय चारेल उपस्थित थे। इनके अलावा श्री शम्भुसिंह गणावा, श्री बद्रीलाल चौधरी, श्री भुपेन्द्र जायसवाल, श्री ओच्छवलाल भाटी, कार्यपालन यंत्री लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी श्री के.पी. वर्मा, एसडीओ पीएचई श्री संजय शर्मा आदि उपस्थित थे।
इस दौरान 77.98 लाख रुपए लागत की सकरावदा नलजल योजना, 75.54 लाख रुपए लागत की ग्राम नारायणगढ़ नलजल योजना, 74.72 लाख रुपए लागत की सेमलखेड़ा नलजल योजना तथा 91.89 लाख रुपए लागत की ग्राम बोरखेड़ा, रामगढ़ नलजल योजना का भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष एवं विधायक श्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा चहुंमुखी विकास हर एक क्षेत्र में नजर आ रहा है, इसलिए विकासपर्व मनाया जा रहा है। सैलाना क्षेत्र में सैकड़ो करोड़ रुपए के कार्य किए गए है, आगामी 2022 तक सभी आवासहीन व्यक्तियों को शासन द्वारा पक्के मकान बनवाकर दे दिए जाएंगे। सरकार ने असंगठित मजदूरों के कल्याण के लिए चिकित्सा सहायता, बच्चों को छात्रवृत्ती, अनुग्रह सहायता आदि लाभ दिए जा रहे हैं, योजना में पंजीयन करवाकर मजदूर वर्ग इनका लाभ उठाए। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में बनने वाले चिकली डेम डेढ़ सौ करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। इससे 6500 हेक्टेयर में सिंचाई क्षमता निर्मित होगी।
विधायक श्रीमती संगीता चारेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य सरकार सतत विकास कर रही है। नलजल योजनाओं के निर्माण से आदिवासी क्षेत्र में महत्वपूर्ण रूप से पेयजल समस्या का निराकरण हो जाएगा। शासन द्वारा आवासहीनों को पक्के मकान दिए जा रहे है, सड़के बन गई है, तालाब दिए जा रहे हैं, बिजली 24 घण्टे उपलब्ध है। सैलाना क्षेत्र में 15 हजार पक्के मकान पीएम आवास योजना में स्वीकृत हुए हैं। अडवानिया चंदरगढ़ मार्ग बनने वाला है। उन्होंने कहा कि श्रमिक पंजीयन योजना में अपना पंजीयन अवश्य करवाए, शासन द्वारा बड़ी संख्या में बिजली माफ किए जा रहे हैं। प्रतिमाह 200 रुपये फ्लेट रेट पर बिजली बिल भरने का लाभ मिलेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमेश मईड़ा ने कहा कि हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाकर आर्थिक समृद्धि एवं आर्थिक उत्थान की दिशा में शासन द्वारा कार्य किया जा रहा है। योजनाओं का लाभ उठाए। कार्यक्रम को मंडी अध्यक्ष डॉ. विजय चारेल, श्री बद्रीलाल चौधरी, श्री शम्भुसिंह गणावा, श्री भुपेन्द्र जायसवाल ने भी संबोधित किया। अतिथियों द्वारा पेयजल परीक्षण किट भी वितरित किए गए।