रतलाम जिले में लाइफ लाईन एक्‍सप्रेस के आगमन को लेकर कलेक्‍टर श्रीमती तन्‍वी सुन्द्रियाल ने चिकित्‍सकों और लाइफ लाईन एक्‍सप्रेस के प्रतिनिधियों से बैठक कर तैयारियों के लिए निर्देश दिए। लाइफ लाईन एक्‍सप्रेस का शुभारंभ समारोह स्‍थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 29 जनवरी को किया जाना प्रस्‍तावित है। जिला चिकित्‍सालय के चिकित्‍सकों ने बताया कि ट्रेन में आने वाले मरीजों को रेफरल स्लीप दी गई है जिसमें उनके आने एवं चिकित्‍सा दिनांक का लेख कर दिया गया है। मरीजों को ट्रेन में उपचार से पहले जिला चिकित्‍सालय में आवश्‍यक जाँच आदि की व्‍यवस्‍था की जाएगी। प्री आपरेटिव तैयारी के बाद मरीज का आपरेशन होने पर पोस्‍ट आपरेटिव केयर के लिए जिला चिकित्‍सालय में भर्ती किया जाएगा इसके लिए सभी आवश्‍यक ड्यूटी आर्डर जारी कर दिए गए हैं तथा सभी आवश्‍यक संसाधनों की व्‍यवस्‍था की गई हैं। मरीजों का निर्धारित बीमारियों के लिए तय दिनांकों को जाँच एवं उपचार की सुविधा दी जाएगी।

निर्धारित बीमारियाँ एवं उनके उपचार की दिनांक इस प्रकार है :-
मोतियाबिंद,

   आपरेशन के लिए मरीजों का चयन सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक जिला अस्‍पताल रतलाम में होगा इसके लिए 30 जनवरी से 2 फरवरी की तारीख निर्धारित है। जबकि रेलवे स्‍टेशन के प्‍लेटफार्म नंबर 7 पर 31 जनवरी से 5 फरवरी के बीच आपरेशन किए जायेंगे।

कान का पर्दा बदलना और बहरेपन के लिए मशीन एवं इलाज

   आपरेशन के लिए मरीजों का चयन सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक जिला अस्‍पताल रतलाम में होगा इसके लिए 6 फरवरी से 9 फरवरी तक की तारीख निर्धारित है। जबकि रेलवे स्‍टेशन के प्‍लेटफार्म नंबर 7 पर 7 से 12 फरवरी के बीच आपरेशन किए जायेंगे।

कटे होंठ

   आपरेशन के लिए मरीजों का चयन सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक जिला अस्‍पताल रतलाम में होगा इसके लिए 13 और 14 फरवरी की तारीख तय की गई है। जबकि आपरेशन 14 और 15 फरवरी को प्‍लेटफार्म नंबर 7 पर किए जायेंगे।

टेढ़े मेढ़े पैर (क्‍लबफूट) और पोलियो करेक्टिव सर्जरी

   आपरेशन के लिए मरीजों का चयन सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक जिला अस्‍पताल रतलाम में होगा इसके लिए 13 और 14 फरवरी की तारीख तय की गई है। जबकि आपरेशन 14 से 16 फरवरी को लाइफ लाईन एक्‍सप्रेस में सर्जरी की जाएगी। उल्‍लेखनीय है कि पोलियो करेक्टिव सर्जरी 14 वर्ष से कम आयु के बच्‍चों की ही हो सकेगी।

मुख, स्‍तन तथा गर्भाशय ग्रीवा कैंसर

   नये मामलों जिनमें उपरोक्‍तानुसार कैंसर होने की संभावना हो कि जाँच की नि:शुल्‍क सुविधा 31 जनवरी से 13 फरवरी तक प्रतिदिन रेलवे स्‍टेशन पर उपलब्‍ध रहेगी। ऐसे व्यक्ति जिनके मुँह में चार उंगलियां एक साथ न जा सकती हो, मुँह में कोई छाला या घाव जो उपचार कराने पर भी ठीक न हो रहा हो, तंबाकू पदार्थों का नियमि‍त सेवन करने वाले लोगों की जॉच की जाएगी। स्‍तन या कॉंख में कोई गॉंठ हो, स्‍तन से लगातार स्‍त्राव आता हो, अनियमित मासिक धर्म, सहवास के बाद रक्‍त स्त्राव जैसी शिकायतों वाली महिलाओं की जॉंच, महिलारोग विशेषज्ञ, महिला चिकित्‍सक द्वारा की जाएगी। कैंसर रोग के लिए सर्जरी की सुविधा ट्रेन में नहीं होगी। इस प्रकार नए मरीजों का चिन्‍हांकन कर उपचार प्रारंभ कराया जाएगा।

    मिर्गी

   मिर्गी के रोगियों के मामले में नए मरीजों का चिन्‍हांकन कर उपचार एवं परामर्श दिनांक 9 से 11 फरवरी को लाइफ लाईन एक्‍सप्रेस में किया जाएगा। मिर्गी के लिए सर्जरी नहीं हो सकेगी।

    दांत चिकित्‍सा एवं उपचार

   दंतरोगों के मामले में लाइफ लाईन एक्‍सप्रेस में 12 से 18 फरवरी को चिकित्‍सा और उपचार किया जाएगा। दंतरोग के मामले में सर्जरी नहीं हो सकेगी।

चयनित मरीजों एवं उनके एक परिजन के लिए नि:शुल्‍क भोजन की सुविधा उपलब्‍ध कराई जायेगी।