चेतन काश्यप फाउंडेशन ने पांच बेटियों को गोद लिया है। फाउंडेशन द्वारा 25 साल की उम्र होने तक इन बेटियों की शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी वहीं इन्हें आत्मनिर्भर भी बनाया जाएगा।
यह घोषणा लाड़ली लक्ष्मी पर्व के आयोजन में राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष व विधायक चेतन्य काश्यप ने की। उन्होंने कलेक्टर को आर्थिक व शैक्षणिक आधार पर पांच बेटियों का चयन करने के निर्देश दिए। बरबड़ हनुमान मंदिर के सामने विधायक सभागृह में हुए कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री दीपक जोशी ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाणपत्र बांटे। 2007 में शुरू की गई लाड़ली लक्ष्मी योजना को 10 साल पूरे होने पर जिले में 6ठीं में प्रवेश लेने वाली 963 बालिकाओं को 2 हजार रुपए की छात्रवृत्ति दी गई। कार्यक्रम में प्रमाणपत्र दिए जबकि राशि उनके खाते में जमा हो चुकी है। महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, विधायक मथुरालाल डामर, संगीता चारेल, डॉ. राजेंद्र पांडेय, जिपं अध्यक्ष परमेश मईड़ा, कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल, एसपी अमित सिंह, एल्डरमैन महेश अग्रवाल, पार्षद सोना शर्मा मंचासीन थीं। संचालन सहायक संचालक अंकिता पंड्या ने किया।
हाल ही में शिक्षकों की भर्ती की जाना है। इसमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया है, वहीं प्रदेश में वन विभाग की नौकरी को छोड़कर हर नौकरी में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाता है। यह बात प्रभारी मंत्री दीपक जोशी ने यहां आयोजन में कही। उन्होंने बताया प्रदेश में 65 हजार बच्चियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत छात्रवृत्ति दी जा रही है।
शिक्षकों की भर्ती में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा
राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष और विधायक चेतन्य काश्यप ने संबोधन में कहा कि हमारे यहां महापौर, कलेक्टर महिलाएं हैं यदि एसपी व सीईओ भी महिलाएं आ जाएं तो जिला महिला प्रधान हो जाए। उन्होंने कहा महिलाओं ने साबित कर दिया है कि वो किसी से कम नहीं है। सभी को बेटियों को पढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
विधायक ने कहा एसपी, सीईओ भी महिलाएं आ जाएं तो…
भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय ने कहा आयोजन की सूचना भाजपा पदाधिकारियों को नहीं दी गई है। उन्होंने कहा आयोजक जिला महिला सशक्तीकरण अधिकारी रवींद्र मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुषमा भदौरिया के बारे में बताया जाएगा कि इन्होंने भाजपा पदाधिकारियों को आयोजन की सूचना नहीं दी। मिश्रा ने बताया कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को बुलाया था बाकी को नहीं। भदौरिया से संपर्क नहीं हो सका।