मोहल्ले में शराब की दुकान से हमें बहुत परेशानी होती है, बच्चियों का निकलना मुश्किल हो रहा है.. आपको दिक्कत हो रही है या नहीं? ये सवाल गांधीनगर, लक्ष्मणपुरा सहित आसपास के क्षेत्र की महिलाएं घर-घर जाकर लोगों से कर रही हैं। जवाब ‘हां’ में मिलता है तो वे रजिस्टर आगे करते हुए कहती हैं शराब की दुकान यहां से हटवाना है तो आप यहां हस्ताक्षर करें। लोग भी तत्काल साइन कर रहे हैं।

गांधीनगर माध्यमिक स्कूल की खिड़की से नजर आने वाली शराब दुकान का मोहल्ले की महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया है। गृहिणियों ने मिलकर मोर्चा तैयार किया है। शराब दुकान से कुछ दूरी पर रहने वाली नजमा बी खान कहती हैं-हमें डराने के लिए हमारे घर के आगे से अपशब्द कहते हुए शराबी निकलते हैं। अब महिलाएं दुकान हटाकर ही मानेंगी। 75 वर्षीय बशीरन बी कहती हैं शराबियों ने जीना हराम कर दिया है। दिनभर हंगामा करते हैं, सीटियां बजाते हैं। बच्चियों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। कलेक्टर, एसपी से शिकायत की लेकिन उन्हें आने की फुरसत ही नहीं है। वो एक बार सर्वे करने नहीं आए और हमें रोज शराबी अपशब्द कहते हैं। भारती जेतपुरिया कहती हैं आखिर कब तक रास्ता बदलकर आना-जाना करें।

सीएम ने अब कहा कि स्कूल, धार्मिक स्थल के पास शराब की दुकान नहीं होना चाहिए लेकिन इनके 50 मीटर के दायरे में शराब दुकान नहीं होने का नियम वर्षों से है लेकिन नियम को धता बताती शराब की दुकान भी सालों से स्कूल के पास चल रही है। न शिक्षा विभाग, न जिला प्रशासन और न आबकारी विभाग के अधिकारियों ने कभी ध्यान दिया।