महाशिवरात्रि के पर्व पर नगर के प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की अनुपम सौगातें घोषित हुई। विधायक श्री चेतन्य काश्यप ने नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 41.73 लाख की लागत से बनने वाली आरसीसी रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य का समारोहपूर्वक शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर श्रीगढ़कैलाश मंदिर से शनि मंदिर के बीच 3 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में मार्ग चौड़ीकरण के लिए पेवर ब्लॉक एवं सीसी रोड का कार्य कराने की घोषणा की। इस कार्य पर 22 लाख रूपए खर्च होंगे। इसमें 11 लाख श्री काश्यप द्वारा विधायक निधि से दिए जाएंगे। शेष 11 लाख नगर निगम की निधि से खर्च होंगे। पेवर ब्लॉक एवं सीसी रोड के कार्य से धार्मिक एवं अन्य आयोजनों के लिए खुला परिसर उपलब्ध होगा।

श्री काश्यप ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि श्री गढ़कैलाश मंदिर नगर की अमूल्य धरोहर है। इसके समीप स्थित अमृत सागर तालाब के कायाकल्प की बात भी लम्बे समय से चल रही है। सीवरेज प्रोजेक्ट के कारण अभी इसका कार्य रूका हुआ है। सीवरेज प्रोजेक्ट पूर्ण हो होने पर तालाब की दशा बदल जाएगी। नगर निगम रिटेनिंग वॉल का निर्माण करा रहा है। मार्ग चौड़ीकरण के लिए पेवर ब्लॉक और सीसी रोड का निर्णय इस धार्मिक क्षेत्र में विभिन्न आयोजनों के लिए बड़ा परिसर उपलब्ध कराने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा कि अमृत सागर तालाब से जलकुम्भी निकालने का कार्य भी शुरू हो चुका है। इस पर नगर निगम 10 लाख रूपए खर्च करेगी। अमृत सागर उद्यान का स्वरूप बदलने की योजना भी बन चुकी है। इस पर 2 करोड़ रूपए खर्च होंगे। क्षेत्र में स्थित त्रिपोलिया गेट का स्वरूप भी निखर रहा है। वहां पार्किंग एवं फुड झोन विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। श्री काश्यप ने श्रावण मास तक अधिकांश कार्य पूर्ण होने की आशा जताते हुए श्री गढ़कैलाश सेवा समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।

महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने कहा कि श्री गढ़कैलाश मंदिर परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से रिटेनिंग वॉल का निर्माण जरूरी था। भविष्य में अमृत सागर तालाब और उद्यान का विकास होने पर क्षेत्र का स्वरूप निखर जाएगा। आरंभ में अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर रिटेनिंग वॉल के कार्य का शुभारंभ किया। क्षेत्रीय पार्षद कैलाशीबाई मीणा ने स्वागत किया। श्री गढ़कैलाश सेवा समिति की ओर से विधायक एवं महापौर का सम्मान किया गया। संचालन राकेश मीणा ने किया। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, पूर्व निगम अध्यक्ष विष्णु त्रिपाठी, मनोहर पोरवाल, महापौर परिषद सदस्य सर्वश्री मंगल लोढ़ा, ताराचन्द पंचोनिया, पार्षद सर्वश्री अरूण राव, अशोक यादव, रणजीतसिंह परिहार, एल्डरमेन श्रीमती तारादेवी सोनी, पूर्व पार्षद सर्वश्री संजय दवे, सतीश भारतीय के अलावा जगदीश पहलवान, सतीश राठौड़ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रिय नागरिक उपस्थित थे।