रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री कांतिलाल भूरिया ने आज मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। श्री भूरिया ने मेडिकल कॉलेज के सुप्रिटेंडेंट डॉ. जितेन्द्र गुप्ता से कॉलेज के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्री भूरिया ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मेडिकल कॉलेज की मान्यता रद्द नहीं होने दी जाएगी। माह अगस्त तक मेडिकल कॉलेज के शेष बचे कार्य भी पूर्ण करते हुए कॉलेज शुरू कर दिया जाएगा। आपने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रारम्भ करना हमारी पहली प्राथमिकता है। कॉलेज परिसर में बिजली तथा पानी की जो समस्या है, उसे भी शीघ्र दूर करने का प्रयास किया जाएगा। आपने कहा कि मेडिकल कॉलेज परिसर में शीघ्र ही एक बीएसएनएल का टावर लगाया जाएगा जिससे मोबाइल सिग्नल नहीं मिलने की समस्या से निजात मिलेगी। आपने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए 211 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है जिसमें से अभी तक 176 करोड खर्च हो चुके हैं। श्री भूरिया ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मेडिकल कॉलेज के सुप्रिटेंडेंट डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने श्री भूरिया को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करवाते हुए सभी विभागों की सिलसिलेवार जानकारी दी। श्री भूरिया के भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री सोमेश मिश्रा, डॉ. आनंद चन्देलकर, पारस सकलेचा, यास्मीन शैरानी आदि उपस्थित थे।