सागोद रोड पर डंपर की टक्कर से शुक्रवार शाम करीब 4.45 बजे बाइक सवार बोहरा समाज के युवा किराना व्यवसायी की मौत हो गई। हादसे में एक युवक को बाएं हाथ और दोनों पैरों पर चोट आई। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक डंपर छोड़कर भाग गया। दीनदयाल नगर थाने में प्रकरण दर्ज किया।

एएसआई एस.एस. परमार ने बताया बोहराबाखल निवासी फखरू पिता आशिकअली कागदी (23) तथा हुसैन पिता असगरअली कालाभाई (24) शुक्रवार को दोस्त ऋषभ जैन की शादी के लिए होने वाले कार्यक्रम की तैयारी में जेएमडी पैलेस गए थे। किराना सामान लेने के लिए दोनों स्कूटर से माणकचौक जा रहे थे। सागोद रोड पर टर्न लेते ही पीछे से तेज गति से आ रहा डंपर उनसे टकरा गया। इससे फखरू दूर जा गिरा और पीछे बैठे हुसैन के पेट पर से डंपर का अगला पहिया निकलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल फखरू को एम्बुलेंस ने जिला अस्पताल पहुंचाया।

इकलौता बेटा था हुसैन
पिता असगर कालाभाई के अनुसार माणकचौक स्थित मिर्ची गली में हुसैन की किराना दुकान है। इकलौता बेटा हुसैन दुकान संभालता था। बड़ी बहन मारिया की शादी हो चुकी है। मृतक हुसैन को रात 9.30 बजे बोहरा कब्रिस्तान में सुपुर्देखाक किया गया।

दिन में डंपर बंद करें
भाजपा नेता बोहरा समाज के सलीम आरिफ ने बताया बाजना रोड स्थित खदानों में लगे डंपर तेजगति से शहर में आते हैं। सागोद रोड पर व्यापारियों के कॉटेज हैं जहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है। अप्रशिक्षित चालकों द्वारा डंपर से गंभीर दुर्घटनाएं होने पर पूर्व में दिन के समय शहर में डंपरों का प्रवेश बंद कर दिया था। बाद में डंपर फिर से आने लगे। बोहरा समाज की ओर से सलीम आरिफ ने दिन के समय शहर में डंपर के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग की है।