रतलाम। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों से पार पाने के लिए महिला पार्षद ने बड़ा कदम उठाया है। वे अपनी निधि से कोमलनगर में सीसीटीवी लगवाएंगी। पार्षद के इस कदम से अन्य वार्डो में भी कैमरों के जरिए सुरक्षातंत्र को मजबूत करने की दिशा में राह बनेगी।

शहर में अपराध रोकने और अपराधियों की धड़पकड़ को मजबूत बनाने के लिए क्लोज सर्किट कैमरे (सीसीटीवी) का प्रस्ताव अब तक लंबित ही है। नगर निगम का प्रस्ताव मंजूर हो गया है। राशि अब तक प्राप्त नहीं हो पाई है, लेकिन शहर की महिला पार्षद सीमा टांक खुद इसके लिए आगे आई है। उन्होंने कोमलनगर में सीसीटीवी लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है और इसकी राशि उनके मद से खर्च भी होगी।

डेढ़ से दो लाख रूपए होंगे खर्च

पार्षद टांक ने सैलाना रोड के वार्ड क्रमांक 8 में सीसीटीवी के लिए इसी वित्तीय वर्ष को चुना है। पार्षद निधि से पूरी राशि खर्च की जाएगी। प्राथमिक तौर पर 16 कैमरों का प्रस्ताव है। इस पर करीब डेढ़ से दो लाख रूपए का खर्च प्रस्तावित है। कैमरों की क्षमता उच्च स्तरीय होगी और कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।

शहर के लिए मॉडल प्लान

कोमलनगर में पार्षद निधि से सीसीटीवी का प्रस्ताव अन्य वार्डो एवं प्रमुख स्थलों के लिए मॉडल प्लान बन सकता है। इस संबंध में पार्षद टांक ने नगर निगम को भी पत्र के माध्यम से अपने प्रस्ताव की जानकारी दी। इस तरह शहर के सभी 49 वार्डो में सीसीटीवी लगाए जा सकते हैं। प्लान पर सभी स्तरों से सहयोग मिला तो शहर में कैमरों की संख्या 200 तक हो सकती है।

मिलकर करें प्रयास

सभी पार्षद अपनी निधि से सीसीटीवी पर राशि खर्च करें तो 49 वार्डो में कैमरें लग जाएंगे। अन्य जनप्रतिनिधि भी प्रयास करें तो सालाना 200 कैमरे शहर में लगाए जा सकते हैं। बजट का अभाव भी नहीं होगा और तीन साल में शहर कैमरोे से लैस हो जाएगा।

सीमा टांक, पार्षद वार्ड क्रमांक 8

By parshv