हनुमान ताल की पाल के किनारे कई दिनों से मिट्टी, मुरम व बोल्डर का ढेर लगाया जा रहा है। रहवासियों की शिकायत मिलने के बाद मंगलवार को पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, पार्षद पप्पू पुरोहित, सीमा टांक सहित जनप्रतिनिधि तालाब पहुंचे।
पाल के किनारे डाली जा रही मिट्टी व बोल्डर के ढेर देखकर पार्षदों ने तुरंत प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी एपी सिंह को मौके पर बुलाया। उनके साथ पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया किंतु यह पता नहीं चल पाया कि मलबा कौन डाल रहा है। पार्षदों ने आशंका जताई कि हनुमान ताल के पास ही कॉलोनाइजर द्वारा एक बड़े मॉल का निर्माण किया जा रहा है। उसकी खुदाई से निकला मलबा डाला जा रहा है। पार्षदों ने अधिकारी से कहा मलबा डालने वाले का पता लगाने के निर्देश देते हुए कहा बिना अनुमति के मलबा डालने वाले की परमिशन निरस्त करने के लिए कहा। राकेश मिश्रा, सचिन तिवारी, शेखर कांसवा, धीरज प्रजापत सहित अन्य भी मौजूद रहे।
तालाब के गहरीकरण को लेकर कलेक्टर से मिलेंगे
बिना अनुमति के तालाब की पाल के किनारे मिट्टी डाली जा रही है। इससे तालाब में पानी आने का रास्ता रुक गया है। तालाब के गहरीकरण और लीकेज बंद करने को लेकर बुधवार को कलेक्टर से मिलेंगे। -पप्पू पुरोहित, पार्षद
संबंधित पर कार्रवाई करेंगे
आसपास निर्माण कार्य करने वालों या अन्य किसी ने पाल के किनारे मिट्टी के ढेर लगा दिए हैं। जांच कर रहे हैं, पता चलने के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। एपी सिंह, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी
हमने मलबा नहीं डाला
तालाब किनारे मलबा हमने नहीं डाला है, जहां मॉल निर्माण चल रहा है, वहां पर्याप्त जगह है। एक अन्य प्लॉट पर मलबा डाला है लेकिन प्लॉट मालिक की अनुमति से डाला है। अनिल पीपाड़ा, कॉलोनाइजर