रोटरी क्लब रतलाम के जीडी अंकलेसरिया रोटरी डायलिसिस सेंटर ट्रस्ट ने जिला अस्पताल में 4 डायलिसिस मशीन और शुरू की। ट्रस्ट की अब यहां 12 मशीनें हो गई हैं। यहां एक डायलिसिस के अब तक 450 रुपए लिए जा रहे थे, जिसे मंगलवार से 50 रुपए कम करते हुए 400 रुपए कर दिया जाएगा। बीपीएल की डायलिसिस फ्री होती है, उसका रुपया ट्रस्ट को जिला अस्पताल प्रशासन द्वारा दिया जाता है।
जिला अस्पताल में रोटरी ट्रस्ट द्वारा 8 डायलिसिस मशीन का जिला अस्पताल स्थित सेंटर में ही संचालन किया जा रहा था। इसमें ट्रस्ट ने 4 और मशीनों का इजाफा किया है। ट्रस्ट ने इटारसी में भी 3 मशीनें उपकरण सहित दी हैं। इसमें 50 लाख रुपए खर्च हुए। हर महीने यहां 650 डायलिसिस होती है। एक डायलिसिस में 700 रुपए खर्च आता है लेकिन दानदाताओं के सहयोग के चलते मरीजों को यह छूट दी जा रही है। चार मशीनें और बढ़ने से अब 800 डायलिसिस रोज हो सकेंगे। मरीजों को निजी अस्पताल में जाकर ज्यादा रुपया खर्च कर डायलिसिस नहीं करवाना पड़ेंगे और अधिकांश मरीजों को लाभ मिलेगा। ट्रस्टी व को चेयरमैन गुस्ताद अंकलेसरिया ने बताया अतिथि पूर्व मंडलाध्यक्ष वीजे पटेल (सैशल्ज), मंडलाध्यक्ष दर्शनसिंह गांधी, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी, सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर चंदेलकर, रोटरी क्लब अध्यक्ष संस्कार कोठारी, सचिव रमेश पिपाड़ा मंचासीन थे।
विदेशी सदस्यों ने भी किया सहयोग- क्लब अध्यक्ष कोठारी ने बताया डायलिसिस मशीनें लगाने में शहर व देश के साथ ही विदेश सदस्यों व दानदाताओं ने भी सहयोग किया है।