मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अन्तर्गत 13 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से जनपद पंचायत मुख्यालयों एवं नगरीय क्षेत्रों में अपराह्न बाद हितग्राही सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे। सम्मेलनों को सफल बनाने के लिये आज समयावधि पत्रों की बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह समन्वय स्थापित कर हितग्राही सम्मेलनों में योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जाये। हितग्राही सम्मेलनों को अनिवार्य रूप से सफल बनाकर एक बेहतर सन्देश दिया जाये। कलेक्टर ने जनपदवार समीक्षा की।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अन्तर्गत होने वाले जनपदों एवं नगरीय निकायों में कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिये जिला अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं में हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित करें। शासन के दिशा-निर्देश अनुसार अपनी-अपनी जनपद पंचायत मुख्यालयों एवं नगरीय निकायों में आयोजित होने वाले हितग्राही सम्मेलन को सफल बनाकर हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किये जायें।

बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अन्तर्गत अन्त्येष्टि अनुग्रह भुगतान, प्रसूति सहायता आदि योजनाओं तथा पंचायत ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य विभागों द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं में हितग्राहियों को लाभान्वित किया जायेगा। सम्मेलन में हितग्राहियों को अपने-अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के हाथों सार्वजनिक रूप से हितलाभ का वितरण करवाया जाये।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आयुक्त नगर पालिक निगम, जिले के समस्त राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि अपने-अपने खण्ड स्तरीय मुख्यालय पर सम्मेलन आयोजित कर हितग्राहियों को सार्वजनिक रूप से उन्हें हितलाभ वितरित किया जाये। समारोह में क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत के सदस्यगण, जनपद अध्यक्ष, जनपद पंचायतों के सदस्य, सरपंच, गणमान्य नागरिकों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाकर उनके हाथों से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरण किया जाना सुनिश्चित किया जाये। ब्लॉक स्तरीय हितग्राही सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के सन्देश का सीधा प्रसारण होगा। सम्मेलन में अन्त्येष्टि सहायता, अनुग्रह सहायता, लाड़ली लक्ष्मी, मातृ वन्दना, प्रसूति सहायता, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, पट्टा वितरण के साथ ही अनेक योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जायेगा।