रतलाम । शहर सहित आसपास के इलाकों में दो दिन से जारी भारी बारिश से करीब 300 परिवार बेघर हो गए है। इससे बरबड़ से डेलनपुर तक के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवार ज्यादा प्रभावित हैं। नीचले क्षेत्रों में रहने वाले लोग तीसरे दिन भी घरों में नहीं पहुंच सके, उन्हें आश्रय स्थलों पर दिन गुजारने पड़ रहे हैं।
सोमवार को समाजसेवियों ने इनके भोजन की व्यवस्था की। कई परिवार बरबड़ स्थित धर्मशाला में ठहरे हैं, तो कुछ परिवार आस-पास के निजी स्कूलों में रूके हैं। बारिश धीमी होने के बाद निजी स्कूलों ने लोगों को दूसरी जगह भेजने की बात कही। इस पर प्रशासनिक अमले ने डेलनपुर स्थित शीतल तीर्थ पहुंचकर प्रबंधन से प्रभावित लोगों को ठहराने की बात की। संचालिका डॉ. सविता जैन ने यहां करीब 150 से 200 लोगों के रूकने की व्यवस्था होने की बात कही।
शहर सहित ग्रामीण अंचल से तीसरे दिन भी प्रभावितों के लिए भोजन की मांग आई, तो समाजसेवी संस्थाओं व परिवारों ने व्यवस्था की। भोजन पैकेट के लिए फोन आता तो गाडियां वहां के लिए दौड़ जाती। सुबह से शाम तक अलग-अलग स्थानों से एक हजार से अधिक पैकेट भोजन के वितरित किए गए।