अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण की योजना का प्रोजेक्ट एक बार फिर भोपाल रवाना कर दिया है। इसे जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। दिवाली से पहले 33 कॉलोनियों में मूलभूत विकास कार्य शुरू होने की संभावना है। निगम ने पहले 36 करोड़ रुपए की योजना बनाकर भेजी थी। भोपाल से कुछ जानकारी अपडेट करने का कहा गया था।
2015 में सरकार ने 17 कॉलोनियों के नियमितीकरण की मंजूरी दी थी। काम पूरे होने के बाद निगम ने 39 नई अवैध कॉलोनियों का सर्वे किया था। इसमें से 33 कॉलोनियों में विकास कार्यों की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर अगस्त में शासन को भेजी थी। पड़ताल में भोपाल स्तर के अधिकारियों ने कुछ जानकारी मांगते हुए डीपीआर लौटा दी थी। निगम ने हाल ही में रिपोर्ट भेज दी है। निगम अफसरों के मुताबिक इसे जल्द ही मंजूरी मिलने की संभावना है। निगम की पूरी तैयारी है, स्वीकृति मिलते ही कॉलोनियों में काम शुरू हो जाएगा।
रतलाम को रोल मॉडल बनाते हुए विधायक चेतन्य काश्यप की पहल पर शासन ने अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण योजना की शुरुआत की थी। पहले 61 अवैध कॉलोनियों में से 23 को चयनित किया था। 17 को मंजूरी मिलने के बाद विकास कार्य के लिए दो बार में पहले 4 करोड़ रुपए तथा दूसरे में 3.61 करोड़ रुपए में मिले थे।
ये कॉलोनियां होंगी वैध
अभयनगर, रेल नगर, गणेश नगर, बाणेश्वरी गृह निर्माण सहकारी समिति, श्रीराम नगर, जनता नगर, भवानीनगर, त्रिमूर्तिनगर, हम्माल नगर, रामरहीम नगर, सैफीनगर, कल्याण नगर, करण नगर, आंधा सेठ की पुलिया, अशोकनगर, ज्योति नगर, लक्ष्मीनगर, मौलाना आजादनगर, बसंत कॉलोनी, ऊंकाला रोड, र|ेश्वर रोड, भांभी गृह निर्माण समिति, लालजी का बाग, मिल्लत नगर, न्यू पटेल कॉलोनी, समता नगर, राजस्वरूप, होमगार्ड कॉलोनी, कुली कॉलोनी, रहमतनगर व अन्य।
ये कार्य कराए जाएंगे
सड़क निर्माण, पेयजल पाइप लाइन, गंदे पानी की निकासी के लिए नाली, ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट के लिए बिजली के पोल सहित सुविधा के कार्य।
जल्द मिलेगी मंजूरी
33 अवैध कॉलोनियों का नियमितिकरण विकास कार्य के लिए 36 करोड़ की योजना है। कुछ जानकारी मांगी थी, पूरा कर प्रोजेक्ट भेज दिया है। जल्द मंजूरी की कोशिश है। योजना तैयार है, मंजूरी मिलते ही काम शुरू होंगे। -चेतन्य काश्यप, विधायक