नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह और पूर्व महिला हॉकी कप्तान सबा अंजुम को प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म श्री अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है।
अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित दोनों खिलाडि़यों सरदार सिहं और सबा अंजुम ने सोमवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार ग्रहण किया। दोनों अवॉर्डियों को अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।
सरदार सिंह ने 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच से अंतर्राष्ट्रीय हॉकी में कदम रखा और अब तक 200 से भी ज्यादा मैच खेल चुके हैं। पिछले साल सरदार के नेतृत्व में भारतीय टीम 16 साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल करने में कामयाब रही और लगातार दूसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल किया।
दूसरी ओर, महिला हॉकी में बेहद प्रतिष्ठित नाम सबा ने एशियाई खेल-2002, एशिया कप-2004, राष्ट्रमंडल खेल-2002 और 2006 व जूनियर विश्व कप-2001 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। सबा को छत्तीसगढ़ के सर्वोच्च सम्मान गुंडाधुर खेल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। सबा 2006 में दोहा में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य रही थीं।
एचआई के अध्यक्ष नरेंद्र ध्रुव बत्रा ने दोनों खिलाड़ियों को इस सम्मान के लिए बधाई दी और कहा कि यह सभी हॉकी प्रेमियों के लिए गर्व करने का समय है।