गत वर्ष पैरालंपिक गेम्स में और हाल ही में लंदन में आयोजित वर्ल्ड गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले ग्रेटर नोएडा के वरूण भाटी का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किया गया है। खेल दिवस पर उन्हें इस सम्मान से नवाजे जाने की उम्मीद है।
वरूण ने कहा कि उन्होंने देश के लिए खेलने व पदक जीतने का सपना देखा था। उसे अंजाम तक पहुंचाया। एक खिलाड़ी को लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करने के लिए हमेशा लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ना चाहिए। खिलाड़ी कदम को डगमगाने नहीं दें, बल्कि आत्मविश्वास को बढ़ा कर लक्ष्य को भेदने का प्रयास करें। सफलता आपके कदम खुद चूमेगी।
उन्होंने कहा कि अब जो प्रयास किए जा रहे हैं, वह एक खिलाड़ी के लिए काफी मायने रखता है। पुरस्कार के लिए मेरा नाम प्रस्तावित किया गया है, इसके लिए मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं। वरूण ने कहा कि राजीव गांधी खेल रत्न की बात चल रही थी। मैं खुद चाहता था कि मुझे पहले अर्जुन पुरस्कार मिलें।
राजीव गांधी खेल रत्न देश का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार है। इसके बाद अर्जुन पुरस्कार के लिए नाम प्रस्तावित नहीं किया जा सकता। फिलहाल वरूण अगले साल प्रस्तावित एशियन गेम्स व वर्ष 2020 में टोकियो में प्रस्तावित पैरालंपिक गेम्स की तैयारियों में जुटे हैं। एशियन गेम्स की तैयारी के लिए सितंबर में वह यूक्रेन अभ्यास करने जाएंगे।