धर्मशाला। भारत ने धर्मशाला टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को मैच के चौथे दिन लंच से पहले आठ विकेट से हराकर न केवल मैच जीता बल्कि चार टेस्ट मैचों की सीरीज़ पर 2-1 से कब्ज़ा भी जमा लिया। भारत को जीत के लिए 106 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने केवल दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। लोकेश राहुल 51 रन बनाकर और कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे 38 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत ने खेल के चौथे दिन की शुरुआत में बगैर कोई विकेट खोए 19 रन से आगे खेलना शुरू किया। केएल राहुल और मुरली विजय ने भारत की पारी को आगे बढ़ाया।

भारत को पहला झटका मुरली विजय के रूप में लगा। मुरली को पेट कमिंस की गेंद पर मैथ्यू वेड ने कैच आउट किया। वे आठ रन बनाकर आउट हुए।

मुरली विजय के आउट होने के बाद मैदान में पुजारा भी ज्यादा देर तक मैदान में नहीं टिक सके। वे बगैर खाता खोले रन आउट हो गए।

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 300 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में 332 रन बनाए। इस तरह भारत ने पहली पारी में 32 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी मात्र 137 रनों पर सिमट गई।